Advertisement

जिला परिषद सभागार में समारोहपूर्वक मनाई गई साहित्यकार व स्वतंत्रता सेनानी रामबृक्ष बेनीपुरी की जयंती

-जिला परिषद सभागार में समारोहपूर्वक मनाई गई साहित्यकार व स्वतंत्रता सेनानी रामबृक्ष बेनीपुरी की जयंती

मुजफ्फरपुर।
जिला परिषद सभागार में प्रसिद्ध साहित्यकार एवं स्वतंत्रता सेनानी श्री रामबृक्ष बेनीपुरी की जयंती समारोहपूर्वक मनाई गई। कार्यक्रम का विधिवत उद्घाटन जिला कला एवं संस्कृति पदाधिकारी सुष्मिता झा, सविता राज, डॉ. आरती कुमारी, आस्था दीपाली, राजीव कुमार गुप्ता, मदन कुमार, प्रदीप कुमार गुप्ता एवं रिजवाना यास्मीन सहित अन्य गणमान्य अतिथियों ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलन कर किया।
कड़ाके की ठंड के बावजूद जिले के दूर-दराज क्षेत्रों से आए छात्र-छात्राओं ने कार्यक्रम में उत्साहपूर्वक भागीदारी निभाई। इस अवसर पर श्री रामबृक्ष बेनीपुरी के व्यक्तित्व एवं कृतित्व पर आधारित भाषण प्रतियोगिता का आयोजन किया गया, जिसमें प्रतिभागी विद्यार्थियों ने अपने विचारों को प्रभावशाली एवं प्रेरक ढंग से प्रस्तुत किया।


जयंती समारोह के तहत “श्री रामबृक्ष बेनीपुरी जी की दृष्टि में ग्रामीण भारत” विषय पर चित्रकला प्रतियोगिता का भी आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में छात्रों ने अपनी रचनात्मक प्रतिभा के माध्यम से ग्रामीण जीवन, संस्कृति और सामाजिक यथार्थ की जीवंत झलकियां प्रस्तुत कीं।
अतिथियों ने अपने संबोधन में श्री रामबृक्ष बेनीपुरी के साहित्यिक योगदान और स्वतंत्रता संग्राम में उनकी भूमिका पर प्रकाश डालते हुए कहा कि उनका जीवन युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत है। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों में साहित्य, संस्कृति एवं राष्ट्रप्रेम के प्रति जागरूकता विकसित करना रहा।
कार्यक्रम का सफल संचालन गोपाल फलक ने किया, वहीं आयोजन को लेकर उपस्थित छात्र-छात्राओं एवं शिक्षकों में विशेष उत्साह देखा ।