Advertisement

जानकी मंदिर में 21 सफाईकर्मियों का सम्मान, चांदी की प्रतिमा और अंगवस्त्र देकर किया गया अभिनंदन

-जानकी मंदिर में 21 सफाईकर्मियों का सम्मान, चांदी की प्रतिमा और अंगवस्त्र देकर किया गया अभिनंदन

जनकपुरधाम/मिश्री लाल मधुकर।

विवाह पंचमी महोत्सव के सफल संचालन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाले 21 सफाईकर्मियों को बुधवार को जानकी मंदिर प्रशासन द्वारा सम्मानित किया गया। जनकपुरधाम उप-महानगरपालिका में कार्यरत ये सभी सफाईकर्मी पूरे सप्ताह मंदिर परिसर में स्वच्छता कार्य के लिए तैनात थे और उन्होंने अत्यंत निष्ठा व ईमानदारी के साथ अपने कर्तव्यों का निर्वहन किया।

सम्मान समारोह में नेपाल सरकार के पूर्व उप-प्रधानमंत्री एवं नेपाली कांग्रेस के वरिष्ठ नेता बिमलेन्द्र निधि ने सभी सफाईकर्मियों को जानकी मंदिर की चांदी की प्रतिमा तथा अंगवस्त्र प्रदान कर सम्मानित किया। सम्मान समारोह की व्यवस्था जानकी मंदिर के उत्तराधिकारी महंत राम रोशन दास वैष्णव के नेतृत्व में की गई।

इस अवसर पर बिमलेन्द्र निधि ने कहा कि सफाईकर्मियों का सम्मान समाज में एक सकारात्मक संदेश देगा। इससे ऊंच-नीच और छुआछूत जैसी कुरीतियों के खिलाफ एक मजबूत संदेश जाएगा। उन्होंने कहा कि स्वच्छता कर्मी समाज का अभिन्न हिस्सा हैं और उनकी सेवा का सम्मान किया जाना आवश्यक है।

कार्यक्रम के दौरान सभी सफाईकर्मियों ने मंदिर प्रांगण में श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों के साथ बैठकर भोजन भी किया, जिसे एक सामाजिक समरसता का प्रतीक माना जा रहा है। लोगों ने इसे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा कुंभ मेले में सफाईकर्मियों को सम्मानित करने की पहल से जोड़कर सराहा।

जानकी मंदिर प्रशासन द्वारा किया गया यह सम्मान समारोह सामाजिक समरसता, समानता और सम्मान की भावना को मजबूत करने वाले एक प्रेरक आयोजन के रूप में देखा जा रहा है।