–जलेश्वर में कई दलों के नेताओं ने थामा राष्ट्रीय स्वतंत्र पार्टी का दामन, राम कृपाल साह समेत दर्जनों शामिल
जनकपुरधाम/जलेश्वर | मिश्री लाल मधुकर।
मधेश प्रदेश के जलेश्वर में राजनीतिक सरगर्मी के बीच विभिन्न दलों के कई प्रमुख नेताओं ने राष्ट्रीय स्वतंत्र पार्टी की सदस्यता ग्रहण कर नई सियासी दिशा का संकेत दिया।
राष्ट्रीय मुक्ति पार्टी के केंद्रीय सदस्य राम कृपाल साह सहित अलग-अलग पार्टियों से जुड़े नेताओं ने औपचारिक रूप से पार्टी में शामिल होकर संगठन को मजबूत करने का संकल्प लिया। सदस्यता लेने वालों में जसपा के जलेश्वर नगर संचालक संतोष साह, नेपाल कम्युनिस्ट पार्टी के जिला इंचार्ज व महासमिति सदस्य विजय चौधरी, नेपाली कांग्रेस के महासमिति सदस्य श्री चन महासेठ, राम छविला सहित कई अन्य कार्यकर्ता शामिल रहे।

पार्टी के धनुषा निर्वाचन क्षेत्र–3 के उम्मीदवार व प्रवक्ता ने सभी नेताओं को सदस्यता दिलाई। इस मौके पर नेता मनीष झा ने कहा कि अनुभवी नेताओं के जुड़ने से पार्टी की सांगठनिक ताकत और जनाधार दोनों में वृद्धि होगी।
कार्यक्रम में पार्टी के वरिष्ठ नेता अंबू प्रसाद साह समेत बड़ी संख्या में कार्यकर्ता व समर्थक उपस्थित रहे। नेताओं ने आने वाले चुनाव में मजबूती से जनता के मुद्दों को उठाने का भरोसा दिलाया।
यह सदस्यता अभियान क्षेत्र की राजनीति में नए समीकरणों की ओर इशारा कर रहा है।














