Advertisement

जम्मू पश्चिम में भाजपा नेताओं ने नागरिकों संग सुना ‘मन की बात’ का 125वां संस्करण

-जम्मू पश्चिम में भाजपा नेताओं ने नागरिकों संग सुना ‘मन की बात’ का 125वां संस्करण

जम्मू, 31 अगस्त 2025।
जम्मू पश्चिम क्षेत्र में भाजपा नेताओं और स्थानीय नागरिकों ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मासिक रेडियो कार्यक्रम ‘मन की बात’ के 125वें संस्करण को बड़े उत्साह से सुना। यह कार्यक्रम वार्ड नंबर 29, राइस मिल शक्ति नगर में आयोजित किया गया, जिसका नेतृत्व भाजपा ओबीसी मोर्चा जम्मू-कश्मीर के प्रदेश अध्यक्ष ब्रह्म ज्योत सत्ती ने किया।

इस अवसर पर संजय वर्मा, मंडल अध्यक्ष ओबीसी रिहाड़ी बक्शी नगर ने आयोजन की जिम्मेदारी निभाई। कार्यक्रम में स्थानीय निवासियों, पार्टी पदाधिकारियों और समाज के विभिन्न वर्गों के लोगों ने भाग लिया। उपस्थित प्रमुख लोगों में परवीन बड्याल (जिला उपाध्यक्ष ओबीसी), भारत भूषण काका जी, इंदरजीत जी, रमेश लोरिया, राजकुमार और रमेश सहित अन्य गणमान्य नागरिक शामिल थे।

आकाशवाणी के माध्यम से राष्ट्र को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री मोदी ने त्यौहारों के मौके पर स्वदेशी उत्पाद अपनाने और “वोकल फॉर लोकल” के महत्व पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि उपहार, वस्त्र, गृह-सज्जा और अन्य जरूरतों को मेड इन इंडिया उत्पादों से पूरा करना चाहिए, जिससे आत्मनिर्भर भारत और विकसित भारत का मार्ग प्रशस्त होगा।

प्रधानमंत्री ने स्वच्छ भारत अभियान, एक भारत श्रेष्ठ भारत, और खेलों की भूमिका पर भी बल दिया। उन्होंने श्रीनगर की डल झील में आयोजित पहले ‘खेलो इंडिया वाटर स्पोर्ट्स फेस्टिवल’ का विशेष उल्लेख किया, जिसमें देशभर से 800 एथलीटों ने भाग लिया।

हाल ही में आई बाढ़ और भूस्खलन पर चिंता जताते हुए प्रधानमंत्री ने प्रभावित परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त की और राहत कार्यों में जुटे NDRF, SDRF व सुरक्षा बलों की सराहना की।

इस मौके पर ब्रह्म ज्योत सत्ती ने कहा कि ‘मन की बात’ भारतीय संस्कृति, मूल्यों और आत्मनिर्भरता को अपनाने की प्रेरणा देती है। प्रधानमंत्री का आह्वान केवल अपील नहीं, बल्कि भारत को विश्वगुरु बनाने का मार्गदर्शन है।

कार्यक्रम का समापन लोगों की इस प्रतिबद्धता के साथ हुआ कि वे प्रधानमंत्री के संदेश को अपने दैनिक जीवन में आत्मसात करेंगे।