Advertisement

जनकपुर की बेटी दहेज की बलि चढ़ी, पति ने की निर्मम हत्या

-जनकपुर की बेटी दहेज की बलि चढ़ी, पति ने की निर्मम हत्या

जनकपुरधाम/दरभंगा। संवाददाता – मिश्री लाल मधुकर।

जनकपुरधाम के प्रसिद्ध व्यवसायी एवं समाजसेवी महालक्ष्मी ज्वेलर्स के प्रोपराइटर पवन कुमार ठाकुर की पुत्री तुलसी देवी ठाकुर (34) की दहेज लोभी पति ने बेरहमी से हत्या कर दी।

जानकारी के अनुसार, दरभंगा जिला के मनिगाछी प्रखंड के नेहरा गांव निवासी पति रजनीश ठाकुर (35) ने शनिवार की रात करीब 2 बजे मूसल और चाकू से ताबड़तोड़ प्रहार कर पत्नी को गंभीर रूप से घायल कर दिया। चार घंटे बाद पड़ोसियों की मदद से घायल तुलसी देवी को सकरी स्थित एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। डॉक्टरों ने गंभीर स्थिति देखते हुए दरभंगा मेडिकल कॉलेज अस्पताल रेफर कर दिया, लेकिन रास्ते में ही महिला ने दम तोड़ दिया।

पोस्टमार्टम के बाद नेहरा गांव में उनका अंतिम संस्कार किया गया, जिसमें मुखाग्नि बड़े पुत्र ने दी। मृतका तीन बच्चों की मां थी—बड़ी बेटी 11 वर्ष की, बेटा वैभव 8 वर्ष का और सबसे छोटा बेटा अंकुर (4 वर्ष) ब्लड कैंसर से पीड़ित है।

मृतका के पिता पवन कुमार ठाकुर ने बताया कि वर्ष 2011 में बड़े धूमधाम से विवाह हुआ था। उस समय रजनीश एम.टेक. कर रहा था। शादी के एक साल बाद से ही दहेज की मांग शुरू हो गई। कई बार आर्थिक मदद भी दी, लेकिन पति लगातार दबाव बनाता रहा। घटना से दो दिन पूर्व भी मोटी रकम की मांग की गई थी, जिसे बेटी ने अस्वीकार कर दिया। इसी के चलते उसकी जान ले ली गई।

घटना के बाद पुलिस ने आरोपी पति रजनीश ठाकुर को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है, जबकि मृतका का ससुर ब्रज किशोर ठाकुर फरार है। पिता ने आरोप लगाया कि हत्या में ससुर ने भी बेटे का साथ दिया। पवन कुमार ठाकुर ने बिहार एवं भारत सरकार से हत्यारे दामाद को फांसी देने की मांग की है।

इस सनसनीखेज वारदात से मृतका का परिवार शोकाकुल है और क्षेत्र में दहेज प्रथा के खिलाफ आक्रोश देखा जा रहा है।