Advertisement

जनकपुरधाम से अयोध्या के लिए तिलक रवाना

-जनकपुरधाम से अयोध्या के लिए तिलक रवाना

रिपोर्ट – मिश्री लाल मधुकर, जनकपुरधाम।

मिथिला की प्राचीन सनातनी परंपरा के अनुरूप शुक्रवार को जनकपुरधाम स्थित प्रसिद्ध जानकी मंदिर से भगवान श्रीराम के लिए तिलक अयोध्या भेजा गया। यह तिलक यात्रा जनकपुरधाम उप–महानगरपालिका के मेयर मनोज कुमार साह की अगुवाई में 101 भार के साथ अयोध्या के लिए प्रस्थान हुई।

शनिवार को अयोध्या के कारसेवक पुरम में भव्य तिलकोत्सव का आयोजन किया जाएगा। रवाना करने के दौरान जानकी मंदिर के उत्तराधिकारी महंत ने मेयर मनोज कुमार साह को अंगवस्त्र एवं निमंत्रण पत्र देकर सम्मानपूर्वक विदा किया।

बताया जाता है कि त्रेता युग में जब भगवान श्रीराम ने राजा जनक के दरबार में पिनाक धनुष तोड़ा था, तब मिथिला परंपरा के अनुसार वर पक्ष को तिलक भेजा गया था। इसी परंपरा को पुनर्जीवित करते हुए पिछले वर्ष विश्व हिन्दू परिषद के महामंत्री राजेंद्र सिंह पंकज की पहल पर तिलक संस्कार की शुरुआत की गई थी। इस वर्ष भी उसी ऐतिहासिक परंपरा का पुनरुत्थान किया गया है।

तिलक दल में पंद्रह सदस्य शामिल हैं, जिनमें प्रमुख रूप से—

जनकपुरधाम उप महापौर मनोज कुमार साह

विश्व हिंदू परिषद नेपाल के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष रघुनाथ साह

केंद्रीय सदस्य मनोहर साह

जनकपुर संभाग प्रमुख अरविंद कुमार

वीरेंद्र कुमार साह

जनकपुर विभाग कार्यवाह विमल कुमार साह

महोतरी जिला कार्यवाह चंदन दूबे

जनकपुर संभाग प्रचारक लक्ष्मण यादव

मेयर की धर्मपत्नी मुन्नी कुमारी
सहित अन्य गणमान्य लोग शामिल हैं।

तिलक यात्रा के प्रस्थान के दौरान धार्मिक उत्साह व भक्ति का माहौल देखने को मिला।