Advertisement

जनकपुरधाम में श्री गंगासागर शिव मंदिर धर्मशाला के नए कार्यालय का शुभारंभ

-जनकपुरधाम में श्री गंगासागर शिव मंदिर धर्मशाला के नए कार्यालय का शुभारंभ

जनकपुरधाम/मिश्री लाल मधुकर। जनकपुरधाम स्थित श्री गंगासागर भगवान श्री शिव मंदिर धर्मशाला के नए कार्यालय का शुभारंभ वैदिक मंत्रोच्चारण एवं धार्मिक अनुष्ठान के साथ संपन्न हुआ। इस अवसर पर श्रद्धालुओं एवं धर्मशाला प्रबंधन से जुड़े लोगों की उपस्थिति रही।
कार्यक्रम का विधिवत संचालन धर्मशाला के कार्यकारी अध्यक्ष ई. प्रकाश चंद्र साह ने किया। उन्होंने बताया कि स्वर्गीय राम चंद्र साह द्वारा 9 मार्च 1983 को इस धर्मशाला की स्थापना जनकपुरधाम आने वाले तीर्थयात्रियों को कम शुल्क पर आवास उपलब्ध कराने के उद्देश्य से की गई थी।
गंगासागर सरोवर के तट पर स्थित यह द्विमंजिला धर्मशाला वर्षों से श्रद्धालुओं की सेवा कर रही है। धर्मशाला में कुल 23 कमरे उपलब्ध हैं, जिनमें 13 सिंगल बेड, 7 डबल बेड तथा 3 ट्रिपल बेड वाले कमरे शामिल हैं।


धर्मशाला प्रबंधन के अनुसार, वर्तमान समय में भी यहां अत्यंत रियायती दरों पर आवास की सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है। सिंगल बेड वाले कमरे का किराया भूतल पर 250 नेपाली रुपये तथा ऊपरी मंजिल पर 265 नेपाली रुपये निर्धारित है। वहीं डबल बेड वाले कमरों का किराया भूतल पर 450 रुपये और ऊपरी मंजिल पर 500 रुपये है। ट्रिपल बेड कमरों के लिए भूतल पर 650 रुपये तथा ऊपरी मंजिल पर 675 नेपाली रुपये शुल्क निर्धारित किया गया है।
प्रबंधन ने स्पष्ट किया कि धर्मशाला परिसर में मांस एवं मदिरा का सेवन पूरी तरह प्रतिबंधित है। कम शुल्क, स्वच्छ वातावरण और धार्मिक परिवेश के कारण यहां बड़ी संख्या में भारत सहित विभिन्न स्थानों से आने वाले तीर्थयात्री ठहरते हैं।
नए कार्यालय के शुभारंभ से धर्मशाला के प्रशासनिक कार्यों में और अधिक सुगमता आने तथा श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने की उम्मीद जताई गई।