-जनकपुरधाम में रामनवमी महोत्सव की धूम, शोभायात्रा और 11 हजार दीपों से जगमगाया राम मंदिर
जनकपुरधाम/मिश्री लाल मधुकर। मर्यादा पुरुषोत्तम भगवान श्रीराम के ससुराल जनकपुरधाम में शुक्रवार को रामनवमी महोत्सव पूरे श्रद्धा, उत्साह और भव्यता के साथ मनाया गया। इस अवसर पर सुबह से ही श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी।
भक्तों ने पवित्र दूधमती नदी और गंगासागर सरोवर में स्नान कर जानकी मंदिर तथा राम मंदिर में पूजा-अर्चना की। मंदिरों में दिनभर श्रद्धालुओं का तांता लगा रहा और पूरा क्षेत्र भक्तिमय माहौल में डूबा रहा।
इस दौरान नेपाल हिन्दू जागरण मंच और विभिन्न मंदिर समितियों के तत्वाधान में भव्य शोभायात्रा निकाली गई। शोभायात्रा जनकपुरधाम के प्रमुख चौक-चौराहों से गुजरती हुई आगे बढ़ी, जिसमें शामिल श्रद्धालु “जय श्रीराम” के जयघोष से वातावरण को गुंजायमान कर रहे थे।

शाम होते ही विश्व हिन्दू परिषद नेपाल, जिला धनुषा के अध्यक्ष संतोष कुमार साह के नेतृत्व में राम मंदिर परिसर में 11 हजार दीप प्रज्वलित किए गए। दीपों की रोशनी से पूरा मंदिर परिसर आलोकित हो उठा, जो श्रद्धालुओं के लिए आकर्षण का केंद्र बना रहा।
रामनवमी के अवसर पर जानकी मंदिर, राम मंदिर, रत्न सागर, अग्नि कुंड स्थित झूलन कुंज, सुंदर सदन सहित अन्य मठ-मंदिरों में भंडारा और राम बधाई कार्यक्रम आयोजित किए गए। इस महोत्सव में नेपाल और भारत से आए सैकड़ों साधु-संतों ने भाग लेकर आयोजन की गरिमा बढ़ाई।
पूरे जनकपुरधाम में रामनवमी के अवसर पर आस्था, श्रद्धा और भक्ति का अनुपम संगम देखने को मिला।













