Advertisement

जनकपुरधाम के ऐतिहासिक सार्वजनिक पुस्तकालय के नए अध्यक्ष बने बलराम मंडल

-जनकपुरधाम के ऐतिहासिक सार्वजनिक पुस्तकालय के नए अध्यक्ष बने बलराम मंडल

जनकपुरधाम/मिश्री लाल मधुकर।

जनकपुरधाम के गंगासागर सरोवर तट स्थित ऐतिहासिक सार्वजनिक पुस्तकालय के अध्यक्ष पद पर बलराम मंडल को सर्वसम्मति से नियुक्त किया गया है। पूर्व अध्यक्ष ई. कृष्ण चंद्र साह ने समयाभाव का हवाला देते हुए कुछ दिन पहले अपना त्यागपत्र सौंप दिया था, जिसके बाद समिति ने नए अध्यक्ष के रूप में बलराम मंडल का चयन किया।

यह सार्वजनिक पुस्तकालय जनकपुरधाम का सबसे प्राचीन और गौरवशाली ज्ञान केंद्र माना जाता है। यहां नेपाली कांग्रेस के महामंत्री स्व. महेन्द्र नारायण निधि, नेपाल के पूर्व राष्ट्रपति डॉ. राम बरण यादव, प्रेस स्वतंत्रता सेनानी राजेश्वर नेपाली सहित कई प्रतिष्ठित हस्तियां अध्ययन कर चुकी हैं।

हाल के वर्षों में पुस्तकालय की स्थिति काफी जर्जर हो चुकी है। संरक्षण के अभाव में पत्र-पत्रिकाओं की कमी बनी हुई है, वहीं पुस्तकाध्यक्ष को उचित पारिश्रमिक न मिलने के कारण लोग इस पद पर समय देने से हिचकते हैं।

नए अध्यक्ष की नियुक्ति के दौरान पूर्व पुस्तकालय अध्यक्ष भाई विपत्ति मंडल, मानव सहित कई स्थानीय बुद्धिजीवी एवं समाजसेवी उपस्थित थे। उम्मीद जताई जा रही है कि नए अध्यक्ष बलराम मंडल के नेतृत्व में पुस्तकालय की स्थिति में सुधार होगा और इसे फिर से जनकपुरधाम के प्रमुख ज्ञान केंद्र के रूप में विकसित किया जाएगा।