–छात्र आंदोलन का छठा दिन: “सद्बुद्धि यज्ञ” से प्रशासन को चेतावनी, मांगें नहीं मानी तो उग्र होगा संघर्ष
मुजफ्फरपुर।दीपक।
लंगट सिंह महाविद्यालय में मूलभूत सुविधाओं—जैसे छात्रावास, पुस्तकालय एवं प्रयोगशाला—की मांग को लेकर छात्रों का आंदोलन छठे दिन भी लगातार जारी रहा। छात्रों ने प्रशासन की उदासीनता पर गहरा आक्रोश जताते हुए अपने अधिकारों के लिए संघर्ष को और तेज कर दिया है।
आंदोलन के छठे दिन छात्रों ने विरोध का अनोखा और सांस्कृतिक तरीका अपनाते हुए “सद्बुद्धि यज्ञ” का आयोजन किया। हिन्दू नव वर्ष और चैत्र नवरात्रि के प्रथम दिन माँ शैलपुत्री की आराधना के अवसर पर आयोजित इस यज्ञ के माध्यम से छात्रों ने ईश्वर से प्रार्थना की कि कॉलेज और विश्वविद्यालय प्रशासन को सद्बुद्धि मिले, ताकि वे छात्रों की न्यायोचित मांगों पर जल्द निर्णय लें।
आंदोलनरत छात्रों का कहना है कि उनकी मांगें पहले भूख हड़ताल के दौरान लिखित रूप से स्वीकार की जा चुकी हैं, इसके बावजूद अब तक छात्रावास नहीं खोला गया है और न ही पुस्तकालय एवं प्रयोगशाला जैसी सुविधाएं बहाल की गई हैं। इससे छात्रों में नाराजगी लगातार बढ़ रही है।

अभाविप कार्यकर्ता अनमोल ने कहा कि “यह सद्बुद्धि यज्ञ हमारी आस्था और संघर्ष दोनों का प्रतीक है। हम चाहते हैं कि प्रशासन छात्रों के भविष्य के साथ हो रहे अन्याय को समझे और शीघ्र कार्रवाई करे।”
वहीं कार्यकर्ता सुशांत सिंह ने चेतावनी देते हुए कहा कि “यदि जल्द ही मांगें पूरी नहीं की गईं, तो आंदोलन और व्यापक व उग्र रूप लेगा, जिसकी जिम्मेदारी पूरी तरह प्रशासन की होगी।”
छात्रों ने साफ कहा है कि जब तक छात्रावास सहित सभी मूलभूत सुविधाएं बहाल नहीं होतीं, तब तक आंदोलन जारी रहेगा। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि यह लड़ाई केवल वर्तमान छात्रों के लिए नहीं, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के बेहतर शैक्षणिक माहौल के लिए है।
मौके पर आशुतोष, अमन, अनोलम चंद्र, अनमोल ठाकुर, राहुल, रौशन, नितिन, प्रिंस समेत दर्जनों छात्र मौजूद रहे।











