Advertisement

चंदवारा पुल निर्माण में कथित अनियमितताओं की जांच तेज, हाई-लेवल टीम ने किया निरीक्षण

-चंदवारा पुल निर्माण में कथित अनियमितताओं की जांच तेज, हाई-लेवल टीम ने किया निरीक्षण

मुजफ्फरपुर। बूढ़ी गंडक नदी पर बने चंदवारा पुल के निर्माण में कथित अनियमितताओं और तकनीकी खामियों को लेकर की गई शिकायतों के बाद मामले ने नया मोड़ ले लिया है। मुख्यमंत्री सचिवालय एवं मुख्य सचिव को भेजे गए रिमाइंडर पत्र के बाद पथ निर्माण विभाग (आरसीडी) पटना और बिहार राज्य पुल निर्माण निगम (बीआरपीएनएनएल) के वरिष्ठ अधिकारियों की टीम ने बुधवार को पुल का स्थलीय निरीक्षण किया।
पथ निर्माण विभाग के सुपरिटेंडेंट इंजीनियर रानेन्द्र कुमार के नेतृत्व में पहुंची तकनीकी टीम में कार्यपालक अभियंता, एसडीओ तथा जूनियर इंजीनियर समेत कई अधिकारी शामिल थे। टीम ने पुल के पिलरों, एक्सपेंशन जॉइंट्स और डेक स्लैब का बारीकी से निरीक्षण किया तथा निर्माण की गुणवत्ता का आकलन किया।
शिकायतकर्ता एवं सामाजिक कार्यकर्ता देवव्रत कुमार सहनी ने आरोप लगाया है कि पुल निर्माण में गंभीर अनियमितताएं बरती गई हैं। उनका कहना है कि कई स्थानों पर कंक्रीट उखड़ने से सरिए दिखाई दे रहे हैं, जिससे पुल की गुणवत्ता और सुरक्षा को लेकर सवाल खड़े हो रहे हैं।


निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने निर्माण एजेंसी को पुल में चिन्हित तकनीकी कमियों को निर्धारित समय सीमा के भीतर दूर करने का निर्देश दिया। बताया गया कि पुल की संरचनात्मक मजबूती और गुणवत्ता की वैज्ञानिक जांच के लिए विशेषज्ञ संस्थान से तकनीकी परीक्षण कराने की प्रक्रिया भी शुरू की जा सकती है।
सूत्रों के अनुसार, जांच रिपोर्ट आने के बाद यदि निर्माण में लापरवाही अथवा मानकों के उल्लंघन की पुष्टि होती है, तो संबंधित एजेंसी और जिम्मेदार अधिकारियों के विरुद्ध विभागीय एवं कानूनी कार्रवाई की जा सकती है।
इस संबंध में सामाजिक कार्यकर्ता देवव्रत कुमार सहनी ने कहा कि यह मामला केवल निर्माण गुणवत्ता का नहीं, बल्कि आम लोगों की सुरक्षा से जुड़ा हुआ है। उन्होंने मांग की कि स्वतंत्र विशेषज्ञों से पुल की विस्तृत जांच कराई जाए और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
फिलहाल जांच प्रक्रिया जारी है और विभागीय रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है। रिपोर्ट आने के बाद ही आगे की कार्रवाई और जिम्मेदारी तय होने की संभावना है।