–गायघाट कांड में RJD प्रतिनिधिमंडल ने पीड़ित परिवार से की मुलाकात
मुजफ्फरपुर/गायघाट।दीपक।
मुजफ्फरपुर जिले के गायघाट प्रखंड अंतर्गत बेरुआ पंचायत के चोरनिया गांव में बीती रात समाजसेवी जगतवीर राय की गोली मारकर हत्या कर दी गई। घटना को लेकर इलाके में आक्रोश का माहौल है। परिजनों और स्थानीय लोगों का आरोप है कि थानाध्यक्ष द्वारा ही इस जघन्य वारदात को अंजाम दिया गया, जिसे लेकर कानून-व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं।
घटना की सूचना मिलते ही राष्ट्रीय जनता दल (RJD) का एक प्रतिनिधिमंडल गांव पहुंचा और पीड़ित परिवार से मुलाकात कर गहरी संवेदनाएं व्यक्त कीं। प्रतिनिधिमंडल ने इस दुखद घड़ी में परिवार के साथ खड़े रहने का भरोसा दिलाया।

प्रतिनिधियों ने प्रशासन से मांग की कि आरोपी थानाध्यक्ष के खिलाफ अविलंब हत्या की प्राथमिकी (धारा 302) दर्ज कर गिरफ्तारी सुनिश्चित की जाए। साथ ही पूरे मामले की निष्पक्ष एवं उच्चस्तरीय जांच कराते हुए स्पीडी ट्रायल के माध्यम से दोषी को कड़ी सजा दिलाने की मांग की गई।
इसके अलावा पीड़ित परिवार को उचित मुआवजा और सुरक्षा उपलब्ध कराने की भी मांग उठाई गई। इस संबंध में प्रतिनिधिमंडल ने बिहार के डीजीपी और मुजफ्फरपुर एसपी से भी बातचीत कर शीघ्र न्याय सुनिश्चित करने पर जोर दिया।
प्रतिनिधिमंडल ने स्पष्ट कहा कि जब तक दोषी सलाखों के पीछे नहीं होंगे, उनकी लड़ाई जारी रहेगी।
मौके पर गायघाट के पूर्व विधायक निरंजन राय, विधान परिषद सदस्य कारी सोहैब, जिलाध्यक्ष रमेश गुप्ता, पृथ्वीनाथ राय, बबलू कुशवाहा समेत अन्य लोग उपस्थित रहे।











