गया पुलिस ने 10 वर्षों से फरार नक्सली कपिल पासवान को किया गिरफ्तार
गया: वर्ष 2014 में डुमरिया में एयरटेल टावर को बम से उड़ाने वाले फरार नक्सली कपिल पासवान को गया पुलिस और एसटीएफ की संयुक्त टीम ने डुमरिया थाना क्षेत्र के रानीगंज बस स्टैंड के पास से गिरफ्तार कर लिया है। कपिल पासवान 10 वर्षों से फरार चल रहा था और उस पर कई नक्सली गतिविधियों में शामिल होने के आरोप हैं।
एसएसपी आशीष भारती ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में जानकारी दी कि कपिल पासवान ने 2014 में 30 नक्सलियों के साथ मिलकर डुमरिया में एयरटेल टावर को बम से उड़ा दिया था। इस मामले में पहले ही 20 नक्सलियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है, जबकि 9 नक्सलियों ने आत्मसमर्पण किया था। कपिल पासवान फरार था, जिसे पुलिस की एक टीम ने सूचना के आधार पर छापेमारी करते हुए गिरफ्तार किया।

एसएसपी ने बताया कि कपिल पासवान के खिलाफ विभिन्न स्थानों पर कई नक्सली कांड दर्ज हैं। उसकी गिरफ्तारी से क्षेत्र में नक्सली गतिविधियों में कमी आने की संभावना है।












