-कांटी रेलवे स्टेशन पर संदिग्ध हालात में श्रमिक का शव मिलने से सनसनी, पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार
मुजफ्फरपुर (कांटी): कांटी रेलवे स्टेशन परिसर में रविवार की अहले सुबह एक श्रमिक का शव संदिग्ध परिस्थितियों में मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। घटना की जानकारी मिलते ही मौके पर लोगों की भारी भीड़ जुट गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, सुबह टहलने निकले लोगों की नजर रेलवे स्टेशन परिसर में पड़े एक शव पर पड़ी। इसके बाद स्थानीय लोगों ने तत्काल डायल 112 पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और मामले की जानकारी रेलवे पुलिस को दी। इसके बाद जीआरपी और रेलवे पुलिस ने घटनास्थल पर पहुंचकर जांच शुरू की।
शव की तलाशी के दौरान पुलिस को एक कीपैड मोबाइल मिला, जिसके आधार पर मृतक की पहचान कांटी प्रखंड के कुशी हरपुर होरिल गांव निवासी स्वर्गीय उमाशंकर ठाकुर के पुत्र विपुल कुमार उर्फ विजन के रूप में हुई। पहचान होने के बाद पुलिस ने परिजनों को सूचना दी और आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी कर शव को पोस्टमार्टम के लिए एसकेएमसीएच भेज दिया।

स्थानीय लोगों के अनुसार, विपुल कुमार मजदूरी कर अपने परिवार का भरण-पोषण करता था। उसके माता-पिता का पहले ही निधन हो चुका है। परिवार में केवल एक भाई है, जो टाटा शहर में श्रमिक के रूप में कार्यरत है। घटना की सूचना मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया।
रेलवे पुलिस का कहना है कि मौत के कारणों का फिलहाल स्पष्ट पता नहीं चल पाया है। सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच की जा रही है। पुलिस के अनुसार, पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा।












