Advertisement

कांटी में एनटीपीसी की पहल, दो विद्यालयों में आईसीटी लैब का उद्घाटन

-कांटी में एनटीपीसी की पहल, दो विद्यालयों में आईसीटी लैब का उद्घाटन

मुजफ्फरपुर/कांटी।
एनटीपीसी कांटी द्वारा कॉर्पोरेट सामाजिक दायित्व (सीएसआर) फंड के अंतर्गत शिक्षा के क्षेत्र में एक महत्वपूर्ण पहल करते हुए राजकीय मध्य विद्यालय, कांटी कस्बा तथा मध्य विद्यालय, कलवारी में स्थापित आईसीटी (इन्फॉर्मेशन एंड कम्युनिकेशन टेक्नोलॉजी) लैब का उद्घाटन किया गया।
इस अवसर पर कांटी के विधायक अजीत कुमार मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे और उन्होंने विधिवत रूप से आईसीटी लैब का उद्घाटन किया। कार्यक्रम में एनटीपीसी कांटी के एजीएम (मानव संसाधन) महेश कुमार सुथार, डीजीएम (मानव संसाधन), विद्यालय के प्रधानाध्यापक, शिक्षकगण, बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं तथा स्थानीय ग्रामीण मौजूद रहे।
एनटीपीसी कांटी द्वारा स्थापित इन आईसीटी लैब के माध्यम से दोनों विद्यालयों के लगभग 1000 छात्र-छात्राओं को आधुनिक डिजिटल शिक्षा की सुविधाएं मिलेंगी। इस पहल का उद्देश्य विद्यार्थियों को तकनीक आधारित शिक्षा से जोड़ना और उनके सीखने की प्रक्रिया को अधिक प्रभावी बनाना है।


अपने संबोधन में विधायक अजीत कुमार ने कहा कि डिजिटल शिक्षा आज समय की आवश्यकता है। एनटीपीसी कांटी द्वारा सीएसआर के तहत विद्यालयों में आईसीटी लैब की स्थापना एक सराहनीय पहल है। इससे ग्रामीण क्षेत्र के विद्यार्थियों को भी आधुनिक शिक्षा की सुविधाएं मिलेंगी और उनके भविष्य को नई दिशा मिलेगी।
वहीं एनटीपीसी कांटी के एजीएम (मानव संसाधन) महेश कुमार सुथार ने कहा कि एनटीपीसी कांटी हमेशा से शिक्षा, स्वास्थ्य और सामुदायिक विकास के क्षेत्र में सकारात्मक पहल करता रहा है। आईसीटी लैब के माध्यम से विद्यार्थियों को डिजिटल माध्यम से सीखने का अवसर मिलेगा, जिससे उनकी तकनीकी समझ और ज्ञान दोनों का विकास होगा।
कार्यक्रम के दौरान उपस्थित अतिथियों ने एनटीपीसी कांटी की इस पहल की सराहना की तथा विद्यार्थियों को इन सुविधाओं का अधिकतम लाभ उठाने के लिए प्रेरित किया। इस मौके पर छात्रों और स्थानीय समुदाय की उत्साहपूर्ण भागीदारी भी देखने को मिली।