-कटरा-बंदरा में बिजली व्यवस्था चरमराई, घंटों कटौती से लोग बेहाल
मुजफ्फरपुर। जिले के कटरा और बंदरा प्रखंड में बिजली आपूर्ति की बदहाल व्यवस्था से लोगों की परेशानी लगातार बढ़ती जा रही है। कटरा प्रखंड में लगातार बिजली कटौती के कारण आम जनजीवन प्रभावित हो रहा है। दुकानदारों का कारोबार प्रभावित हो रहा है, वहीं छात्रों की पढ़ाई भी बाधित हो रही है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि बिजली विभाग समस्या के समाधान के प्रति गंभीर नहीं है और जनप्रतिनिधियों की चुप्पी से लोगों में नाराजगी बढ़ रही है।
इधर, बंदरा प्रखंड में भी बिजली व्यवस्था पूरी तरह लड़खड़ाई हुई नजर आ रही है। हल्की तेज हवा या बारिश के बाद भी विद्युत आपूर्ति घंटों बाधित हो जाती है। रविवार को तेज हवाओं और बारिश के बाद बंदरा के पूर्वी क्षेत्र में बिजली आपूर्ति ठप हो गई थी। देर रात सकरी फीडर से आपूर्ति बहाल हुई, लेकिन लो-वोल्टेज की समस्या से उपभोक्ताओं को राहत नहीं मिल सकी।

मंगलवार की अहले सुबह से एक बार फिर सकरी फीडर की बिजली आपूर्ति बाधित हो गई, जिससे लोगों को पेयजल, घरेलू कार्यों और व्यवसाय में भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
इस संबंध में बंदरा के जूनियर इंजीनियर अभिषेक रंजन ने बताया कि फॉल्ट का पता लगाया जा रहा है और जल्द ही बिजली आपूर्ति सामान्य करने का प्रयास किया जा रहा है।
स्थानीय लोगों ने बिजली विभाग के वरीय अधिकारियों से पूरे मामले की जांच कर स्थायी समाधान सुनिश्चित करने तथा नियमित और निर्बाध बिजली आपूर्ति बहाल करने की मांग की है।












