-एनएच-27 पर दर्दनाक हादसा: अज्ञात मालवाहक वाहन ने अधेड़ को कुचला, मौके पर मौत
मुजफ्फरपुर। जिले के गायघाट थाना क्षेत्र में शनिवार सुबह एनएच-27 पर एक दर्दनाक सड़क हादसे में 55 वर्षीय अधेड़ की मौके पर ही मौत हो गई। यह हादसा मैठी पेट्रोल पंप के समीप हुआ, जहां तेज रफ्तार अज्ञात मालवाहक वाहन ने सड़क पार कर रहे व्यक्ति को कुचल दिया।
मृतक की पहचान शिबू राम के रूप में हुई है। बताया गया कि शनिवार सुबह करीब 6:30 बजे वह शौच के लिए जा रहे थे। इसी दौरान एनएच-27 पार करते समय तेज रफ्तार अज्ञात मालवाहक वाहन ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि उनकी घटनास्थल पर ही मौत हो गई।

हादसे के बाद चालक वाहन समेत मौके से फरार हो गया।
घटना के बाद बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौके पर जुट गए और कुछ समय के लिए एनएच-27 पर यातायात प्रभावित रहा। सूचना मिलने पर गायघाट थाना पुलिस मौके पर पहुंची और लोगों को शांत कराते हुए यातायात सामान्य कराया।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए एसकेएमसीएच भेज दिया है। साथ ही फरार वाहन और चालक की पहचान के लिए जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की भी जांच कर रही है।












