Advertisement

आईटेक-आईयूसीटीई कार्यक्रम के तहत भारत कला भवन बना अंतरराष्ट्रीय सांस्कृतिक शिक्षण मंच

-आईटेक-आईयूसीटीई कार्यक्रम के तहत भारत कला भवन बना अंतरराष्ट्रीय सांस्कृतिक शिक्षण मंच

वाराणसी।संवाददाता।

काशी हिन्दू विश्वविद्यालय स्थित भारत कला भवन संग्रहालय ने आईटेक–आईयूसीटीई क्षमता-वर्धन कार्यक्रम के अंतर्गत 24 देशों से आए 40 अंतरराष्ट्रीय शिक्षकों का स्वागत किया। इस शैक्षणिक भ्रमण ने भारत कला भवन की विरासत आधारित शिक्षा एवं प्रशिक्षण केंद्र के रूप में बढ़ती वैश्विक भूमिका को रेखांकित किया।

भ्रमण के दौरान अंतरराष्ट्रीय प्रतिनिधियों ने टेराकोटा, निधि, लघुचित्र तथा महामना दीर्घाओं का अवलोकन किया। इस अवसर पर उन्होंने भारतीय कला परंपराओं, ऐतिहासिक धरोहरों और सांस्कृतिक मूल्यों को निकट से समझा और सराहा।

निधि दीर्घा में भगवान श्रीराम और माता सीता अंकित प्राचीन सिक्का तथा लघुचित्र दीर्घा में कर्नल मातवर सिंह द्वारा हाथीदांत पर चित्रित शबीह अंतरराष्ट्रीय शिक्षकों के लिए विशेष आकर्षण का केंद्र रही।

यह भ्रमण भारत और विश्व के शिक्षकों के बीच सांस्कृतिक संवाद को सशक्त करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम साबित हुआ। साथ ही, इससे भारत कला भवन की अंतरराष्ट्रीय शैक्षणिक पहचान और अधिक मजबूत हुई।