-अव्वल छात्रों का सम्मान, प्रतिभा को मिला मंच
-मैट्रिक-इंटर टॉपर्स और राजकीय शिक्षक पुरस्कार से सम्मानित शिक्षक का हुआ अभिनंदन
वैशाली/भगवानपुर।
प्रखंड के उच्च माध्यमिक विद्यालय शाहमियां रोहुआ में शनिवार को प्रतिभा सम्मान समारोह-2026 का भव्य आयोजन किया गया। इस अवसर पर 10वीं और 12वीं की परीक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्र-छात्राओं को सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए प्रधानाध्यापक राजकुमार सिन्हा ने कहा कि छात्र-छात्राएं देश का भविष्य हैं और उनकी उपलब्धियां विद्यालय के लिए गर्व का विषय हैं। उन्होंने बताया कि कला संकाय की छात्रा दीपिका सिंह ने प्रखंड स्तर पर प्रथम स्थान प्राप्त कर विद्यालय का नाम रोशन किया है।
कक्षा 12वीं के विज्ञान संकाय में मोहम्मद इरफान प्रथम, शाहीन प्रवीण द्वितीय और निधि कुमारी तृतीय स्थान पर रहीं। वहीं कला संकाय में दीपिका सिंह प्रथम, शिवानी कुमारी द्वितीय और प्रियांशु कुमारी तृतीय स्थान पर रहीं। कक्षा 10वीं में रविकांत कुमार ने प्रथम, जय कुमार ने द्वितीय और आदित्य कुमार ने तृतीय स्थान हासिल किया।


इसके अलावा गणित विषय में शत-प्रतिशत अंक प्राप्त करने वाली छात्रा अंशु कुमारी सहित अन्य मेधावी छात्रों को भी सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम के दौरान संकुल समन्वयक शिक्षक डॉ. जाकिर हुसैन, जिन्हें वर्ष 2025 में बिहार सरकार द्वारा राजकीय शिक्षक पुरस्कार से सम्मानित किया गया था, को भी विद्यालय परिवार की ओर से विशेष रूप से सम्मानित किया गया। उन्होंने छात्रों के उत्कृष्ट प्रदर्शन पर खुशी जताते हुए कहा कि इससे शिक्षकों का भी मान बढ़ता है।
कार्यक्रम का संचालन शिक्षिका अदिति, विनोद कुमार और किरण ने किया। धन्यवाद ज्ञापन करते हुए शिक्षक नीतीश कुमार सिंह ने कहा कि यह सम्मान किसी व्यक्ति का नहीं, बल्कि प्रतिभा का होता है।
इस मौके पर डॉ. अंबेदकर कुमार वर्मा, मो. सोहेल, मो. मोशाहिद अंसारी और मधुमाला सिंह समेत कई शिक्षक एवं गणमान्य लोग उपस्थित रहे।










