Advertisement

अवैध बालू खनन पर बड़ा एक्शन, दो ट्रैक्टर जब्त, तीन गिरफ्तार

-अवैध बालू खनन पर बड़ा एक्शन, दो ट्रैक्टर जब्त, तीन गिरफ्तार

-तीन वाहनों पर प्राथमिकी

मुजफ्फरपुर। जिलाधिकारी के सख्त निर्देश पर जिले में अवैध बालू खनन और परिवहन के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में मुसहरी थाना क्षेत्र के सलहा गांव के समीप बूढ़ी गंडक नदी तटबंध पर संयुक्त छापेमारी कर प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई की।
जिला खनन पदाधिकारी, खान निरीक्षक और मुसहरी थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने सूचना के आधार पर छापेमारी की। कार्रवाई के दौरान अवैध बालू परिवहन में लगे दो ट्रैक्टर जब्त किए गए, जबकि एक ट्रैक्टर चालक वाहन लेकर फरार हो गया। मौके से दो ट्रैक्टर चालकों और एक लाइनर सहित कुल तीन लोगों को गिरफ्तार किया गया।


जांच में पाया गया कि दोनों जब्त ट्रैक्टरों पर लगभग 100-100 सीएफटी, यानी कुल 200 सीएफटी सफेद बालू बिना वैध अनुमति के परिवहन किया जा रहा था। मामले में तीन ट्रैक्टरों के विरुद्ध मुसहरी थाना में प्राथमिकी दर्ज की गई है।
प्रशासन ने बताया कि अवैध बालू खनन से सरकार को राजस्व की क्षति होती है, वहीं नदी तटों के कटाव, जलधाराओं के स्वरूप में बदलाव और पर्यावरण पर भी प्रतिकूल प्रभाव पड़ता है। इसी कारण जिले में अवैध खनन के खिलाफ लगातार निगरानी रखी जा रही है और सूचना मिलते ही त्वरित कार्रवाई की जा रही है।
जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया है कि अवैध बालू खनन एवं परिवहन में संलिप्त किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा तथा ऐसे मामलों में आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।