-अब सुनसान इलाकों में भी मिलेगी वाहन मरम्मत व पंचर की सुविधा
-एनएच पर सफर होगा और आसान
मुजफ्फरपुर। राष्ट्रीय राजमार्गों पर सफर करने वाले यात्रियों और मालवाहक वाहन चालकों को जल्द बड़ी राहत मिलने वाली है। अब राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) राष्ट्रीय राजमार्गों के किनारे वाहनों की मरम्मत और पंचर बनाने की सुविधाएं विकसित करेगा। इसके लिए एनएचएआई की पूर्ण स्वामित्व वाली कंपनी नेशनल हाईवेज लॉजिस्टिक्स मैनेजमेंट लिमिटेड (एनएचएलएमएल) ने तैयारी शुरू कर दी है।
इस संबंध में एनएचएआई ने सभी क्षेत्रीय कार्यालयों को निर्देश जारी करते हुए ऐसे स्थानों की पहचान करने को कहा है, जहां पहले से कोई गैरेज या पंचर मरम्मत की दुकान उपलब्ध नहीं है। विशेष रूप से सुनसान और दूरदराज के इलाकों को प्राथमिकता देने के निर्देश दिए गए हैं।
विभागीय निर्देश के बाद मुजफ्फरपुर जिले में मुजफ्फरपुर-समस्तीपुर, मुजफ्फरपुर-हाजीपुर, मुजफ्फरपुर-मोतिहारी और मुजफ्फरपुर-दरभंगा राष्ट्रीय राजमार्गों पर उपयुक्त स्थलों की पहचान का काम तेज कर दिया गया है।

एनएचएआई के अनुसार, इस पहल का उद्देश्य यात्रियों को आपात स्थिति में त्वरित सहायता उपलब्ध कराना, वाहन खराब होने पर मरम्मत में लगने वाले समय को कम करना, सड़क सुरक्षा को बेहतर बनाना तथा राष्ट्रीय राजमार्गों पर यात्रा को अधिक सुरक्षित और सुविधाजनक बनाना है।
सर्वे के दौरान पाया गया कि कई राष्ट्रीय राजमार्गों और एक्सप्रेसवे पर वाहन मरम्मत एवं पंचर की सुविधाओं का अभाव है। ऐसे में वाहन खराब होने की स्थिति में यात्रियों को काफी परेशानी होती है और सुरक्षा संबंधी जोखिम भी बढ़ जाते हैं। नई व्यवस्था लागू होने के बाद इन समस्याओं से काफी हद तक राहत मिलने की उम्मीद है।
यह सुविधाएं एनएचएआई की खाली पड़ी जमीन पर विकसित की जाएंगी। इसके लिए आवश्यक आधारभूत संरचना भी तैयार की जाएगी। अधिकारियों के अनुसार, जहां पर्याप्त भूमि उपलब्ध होगी, वहां प्राथमिकता के आधार पर मरम्मत केंद्र और पंचर सेवा केंद्र स्थापित किए जाएंगे।
एनएचएआई के एक अधिकारी ने बताया कि विभागीय निर्देशों के अनुरूप स्थानों का चयन और अन्य आवश्यक प्रक्रियाएं तेजी से पूरी की जा रही हैं, ताकि जल्द से जल्द यह सुविधा राष्ट्रीय राजमार्गों पर यात्रियों के लिए उपलब्ध कराई जा सके।












