-हरितालिका तीज पर सुहागिनों ने रखा निर्जला व्रत, पति की लंबी उम्र की कामना
दीपक कुमार/गायघाट
गायघाट। प्रखंड क्षेत्र में सोमवार को हरितालिका तीज पर्व श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाया गया। सुहागिन महिलाओं ने पति की दीर्घायु, सुख-समृद्धि और परिवार की खुशहाली की कामना को लेकर दिनभर निर्जला व्रत रखा। महिलाओं ने विधि-विधान से भगवान शिव और माता पार्वती की पूजा-अर्चना कर अखंड सौभाग्य का आशीर्वाद मांगा।
तीज पर्व को लेकर सुबह से ही महिलाओं में खासा उत्साह देखने को मिला। राधा, गौरी समेत बड़ी संख्या में महिलाओं ने नए वस्त्र एवं आभूषण धारण कर सोलह श्रृंगार किया और पूजा स्थल पर एकत्र होकर शिव-पार्वती की आराधना की। कई स्थानों पर महिलाओं ने सामूहिक रूप से तीज व्रत की कथा सुनी और भजन-कीर्तन कर वातावरण को भक्तिमय बना दिया।

पर्व को लेकर बाजारों में भी दिनभर चहल-पहल रही। महिलाओं ने पूजा सामग्री, फल, मिठाई, श्रृंगार प्रसाधन एवं अन्य आवश्यक सामानों की खरीदारी की। शाम के समय पूजा-अर्चना के बाद महिलाओं ने पति की लंबी उम्र, परिवार की सुख-शांति और समृद्धि की कामना की। हरितालिका तीज को लेकर पूरे प्रखंड क्षेत्र में दिनभर श्रद्धा और भक्ति का माहौल बना रहा।












