Advertisement

स्वास्थ्य कारणों से उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ ने दिया इस्तीफा, राष्ट्रपति को पत्र लिखकर जताई कृतज्ञता

-स्वास्थ्य कारणों से उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ ने दिया इस्तीफा, राष्ट्रपति को पत्र लिखकर जताई कृतज्ञता

नई दिल्ली। ब्यूरो रिपोर्ट।
भारत के उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ ने सोमवार शाम अपने पद से इस्तीफा दे दिया। उन्होंने अपने त्यागपत्र में स्वास्थ्य कारणों का हवाला देते हुए यह निर्णय लिया है। उपराष्ट्रपति ने इस संबंध में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू को एक औपचारिक पत्र भेजकर अपनी भावनाएं व्यक्त कीं।

धनखड़ ने पत्र में लिखा, “राष्ट्रपति जी, स्वास्थ्य देखभाल को प्राथमिकता देने और चिकित्सकीय सलाह का पालन करने के लिए, मैं संविधान के अनुच्छेद 67(क) के तहत तत्काल प्रभाव से भारत के उपराष्ट्रपति पद से इस्तीफा देता हूं।”

अपने पत्र में उन्होंने राष्ट्रपति के सहयोग और कार्यकाल के दौरान मिले स्नेहपूर्ण संबंधों के लिए आभार जताया। उन्होंने लिखा, “मैं भारत की माननीय राष्ट्रपति जी को उनकी अटूट सहयोग भावना और मेरे कार्यकाल के दौरान बनाए गए मधुर और सराहनीय कार्य संबंधों के लिए अपनी गहरी कृतज्ञता प्रकट करता हूं।”

धनखड़ ने अपने कार्यकाल को देश की प्रगति का हिस्सा बताते हुए कहा कि उन्हें उपराष्ट्रपति पद पर रहते हुए जो अनुभव और अंतर्दृष्टि मिली, वह उनके लिए गर्व और संतोष का विषय है। उन्होंने कहा, “जब मैं इस गरिमामयी पद को छोड़ रहा हूं, तब मैं भारत की वैश्विक उन्नति और अद्भुत उपलब्धियों पर गर्व महसूस कर रहा हूं और उसके उज्ज्वल भविष्य में मेरी पूर्ण आस्था है।”

धनखड़ का इस्तीफा देश की राजनीति में एक महत्वपूर्ण मोड़ माना जा रहा है, और अब इस संवैधानिक पद के लिए नए उम्मीदवार की तलाश तेज हो सकती है।

#उपराष्ट्रपति_का_इस्तीफा #जगदीप_धनखड़ #राष्ट्रपति_को_पत्र #स्वास्थ्य_का_हवाला #IndianPolitics #VicePresidentResigns #BreakingNews