-स्किल डेवलपमेंट पर मुख्यमंत्री का फोकस, बिपार्ड स्किल पार्क का निरीक्षण
पटना।ब्यूरो। नीतीश कुमार ने आज वाल्मी (जल एवं भूमि प्रबंधन संस्थान) परिसर, पटना स्थित बिपार्ड स्किल पार्क के दक्षता भवन का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने स्किल पार्क में संचालित विभिन्न प्रशिक्षण कार्यक्रमों का गहन अवलोकन किया और प्रशिक्षुओं के लिए उपलब्ध आवासीय व मेस सुविधाओं की भी जांच की। निरीक्षण के क्रम में अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
मुख्यमंत्री ने विभिन्न कक्षाओं में जाकर प्रशिक्षण ले रहे युवाओं से संवाद किया और उन्हें मन लगाकर प्रशिक्षण लेने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है और तकनीकी प्रशिक्षण के जरिए उन्हें आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में लगातार काम कर रही है।
निरीक्षण के दौरान मुख्यमंत्री ने हिमाद्री छात्रावास सहित अन्य छात्रावासों का भी जायजा लिया और व्यवस्थाओं को बेहतर बनाए रखने का निर्देश दिया। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि परिसर को सुव्यवस्थित रखें और प्रशिक्षुओं की सभी आवश्यक सुविधाओं का विशेष ध्यान रखें।

गौरतलब है कि बिपार्ड स्किल पार्क में युवाओं के कौशल विकास और रोजगार सृजन के उद्देश्य से छह प्रमुख प्रशिक्षण कार्यक्रम संचालित किए जा रहे हैं। इनमें सिस्टम्स एप्लीकेशंस एंड प्रोडक्ट्स (SAP), सिस्को सर्टिफाइड नेटवर्क एसोसिएट (CCNA), जेरियाट्रिक केयर गिवर, फैशन डिजाइनिंग, कॉमिस (Commis) और असिस्टेंट बेकिंग टेक्नीशियन जैसे कोर्स शामिल हैं। इन सभी पाठ्यक्रमों के प्रशिक्षुओं को निःशुल्क आवास, भोजन, प्रशिक्षण किट और वर्दी उपलब्ध कराई जाती है।
इसके अलावा, युवाओं को अंग्रेज़ी के साथ जर्मन, फ्रेंच, स्पैनिश और जापानी जैसी विदेशी भाषाओं का भी प्रशिक्षण दिया जा रहा है, ताकि उनकी रोजगार क्षमता बढ़ सके। अब तक 667 युवाओं को प्रशिक्षण दिया जा चुका है, जिनमें से 204 को देश और विदेश में रोजगार के अवसर मिल चुके हैं।
इस मौके पर जल संसाधन मंत्री श्री विजय कुमार चौधरी, मुख्य सचिव प्रत्यय अमृत, बिपार्ड के महानिदेशक डॉ. बी. राजेंद्र, जिलाधिकारी डॉ. त्यागराजन एस.एम., वरीय पुलिस अधीक्षक कार्तिकेय के. शर्मा सहित कई वरीय अधिकारी मौजूद रहे।









