Advertisement

सोलर मेला सह सोलर लोन मेला आयोजित, पीएम सूर्यघर योजना में तेजी लाने के निर्देश

-सोलर मेला सह सोलर लोन मेला आयोजित, पीएम सूर्यघर योजना में तेजी लाने के निर्देश

मुजफ्फरपुर। नॉर्थ बिहार पावर डिस्ट्रीब्यूशन कंपनी लिमिटेड (एनबीपीडीसीएल) के तत्वावधान में गुरुवार को विद्युत आपूर्ति अंचल कार्यालय, मुजफ्फरपुर में सोलर मेला सह सोलर लोन मेला का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्घाटन एनबीपीडीसीएल के प्रबंध निदेशक राहुल कुमार (भा.प्र.से.) ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। इस अवसर पर जिला पदाधिकारी कुमार गौरव भी मौजूद रहे।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए प्रबंध निदेशक राहुल कुमार ने कहा कि पीएम सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना देश को ऊर्जा के क्षेत्र में आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है। उन्होंने लोगों को योजना के लाभ, आवेदन प्रक्रिया, सरकारी सब्सिडी, बैंक ऋण सुविधा तथा घरों में सोलर प्लांट लगाने से होने वाले आर्थिक और पर्यावरणीय फायदों की विस्तृत जानकारी दी।
जिला पदाधिकारी कुमार गौरव ने कहा कि इस तरह के आयोजन नागरिकों को स्वच्छ ऊर्जा अपनाने, बिजली बिल में बचत करने और हरित एवं आत्मनिर्भर भविष्य के निर्माण के लिए प्रेरित करते हैं। उन्होंने अधिक से अधिक लोगों से योजना का लाभ उठाने की अपील की।


सोलर मेले में विभिन्न सोलर वेंडर्स, प्रमुख बैंकों के प्रतिनिधि, विद्युत विभाग के अधिकारी और बड़ी संख्या में आम नागरिकों ने भाग लिया। मेले में लोगों को सोलर सिस्टम की जानकारी देने के साथ-साथ ऋण और सब्सिडी से जुड़ी सुविधाओं के बारे में भी जागरूक किया गया।
कार्यक्रम के बाद प्रबंध निदेशक ने अभियंताओं, सोलर वेंडर्स और विभिन्न बैंकों के प्रतिनिधियों के साथ पीएम सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना की प्रगति की समीक्षा की। बैठक में उपभोक्ताओं के परिसर में सोलर प्लांट अधिष्ठापन, यूटिलिटी लेड एग्रीगेशन (यूएलए) मॉडल तथा लंबित बैंक ऋण आवेदनों की स्थिति पर विस्तार से चर्चा की गई।
समीक्षा के दौरान प्रबंध निदेशक ने बैंकों को निर्देश दिया कि बिना उचित कारण किसी भी ऋण आवेदन को अस्वीकार न किया जाए। पूर्व में अस्वीकृत आवेदनों की भी दोबारा जांच कर पात्र आवेदकों को समयबद्ध तरीके से ऋण उपलब्ध कराया जाए, ताकि योजना का लाभ अधिक से अधिक लोगों तक पहुंच सके।
बैठक में कुटीर ज्योति उपभोक्ताओं के लिए यूएलए मॉडल के तहत लगाए जा रहे सोलर प्लांटों की प्रगति की भी समीक्षा की गई। फील्ड अभियंताओं को सभी लंबित निरीक्षण जल्द पूरा करने, नेट-मीटरिंग प्रक्रिया में तेजी लाने तथा नियमित मॉनिटरिंग के माध्यम से सभी कार्यों का समयबद्ध निष्पादन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। समीक्षा बैठक में जिला पदाधिकारी कुमार गौरव भी उपस्थित रहे।