-सोनपुर मंडल ने दीपावली एवं छठ महापर्व पर यात्रियों की सुरक्षा और सुविधा के लिए व्यापक तैयारियाँ की
हाजीपुर/सोनपुर। दीपावली और पवित्र छठ मइया पूजा के अवसर पर बिहार आने वाले रेल यात्रियों की भीड़ को सुरक्षित और सुचारु रूप से प्रबंधित करने के लिए सोनपुर मंडल ने विशेष तैयारियाँ की हैं।
मंडल रेल प्रबंधक श्री अमित सरन ने सभी प्रमुख रेलवे स्टेशनों का निरीक्षण किया और वरिष्ठ अधिकारियों को निर्देश दिए कि यात्रियों को सुरक्षित, आरामदायक और समृद्ध यात्रा अनुभव प्रदान किया जाए।
सोनपुर मंडल ने हाजीपुर, बरौनी और खगड़िया स्टेशनों पर होलींग एरिया (Holding Area) का निर्माण शुरू कर दिया है। प्रत्येक होल्डिंग एरिया में लगभग 2500–3000 यात्रियों के ठहरने की सुविधा होगी। इन क्षेत्रों में निम्नलिखित सुविधाएँ उपलब्ध कराई जा रही हैं:
टिकटिंग जोन और पूछताछ काउंटर
शुद्ध पेयजल के लिए जल कियोस्क
चिकित्सीय सहायता बूथ
आरपीएफ सुरक्षा डेस्क
डिजिटल सूचना प्रणाली और लाइव ट्रेन अपडेट
संकेतक बोर्ड और फ्लेक्स
बैठने की कुर्सियाँ, जलरोधी विस्तृत टेंट पंडाल
ऑडियो अनाउंसमेंट सिस्टम

साथ ही, यात्रियों की भीड़ प्रबंधन, वाहन संचालन योजना और आपातकालीन व्यवस्थाओं की रूपरेखा भी तैयार की गई है। सभी प्रमुख स्टेशनों पर स्थानीय स्टेशन नियंत्रण कक्ष स्थापित किए गए हैं, जिनमें सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से प्लेटफॉर्म, एफ.ओ.बी., प्रवेश/निर्गम द्वार और संवेदनशील क्षेत्रों की निरंतर निगरानी की जा रही है।
मंडल रेल प्रबंधक अमित सरन ने कहा, “सोनपुर मंडल अपने सभी यात्रियों को सुरक्षित एवं उत्कृष्ट यात्रा अनुभव प्रदान करने के लिए प्रतिबद्ध है।”
सभी यात्रियों से अपील की गई है कि वे स्टेशनों पर उपलब्ध सुविधाओं का उपयोग करें, रेलवे टीम का सहयोग करें और पटाखे, ज्वलनशील पदार्थ, गैस सिलेंडर या किसी भी प्रकार की खतरनाक वस्तु ट्रेनों और स्टेशनों पर न लाएँ।












