-सेवा संकल्प अभियान के तहत गायत्री मंदिर के जीर्णोद्धार कार्य का शुभारंभ, सांसद ने कहा – मंदिर आस्था और संस्कृति के केंद्र
मोतिहारी, राजन द्विवेदी।
सेवा संकल्प अभियान के तहत मोतिहारी के प्राचीन मंदिरों के जीर्णोद्धार एवं संरक्षण का कार्य शुरू किया गया है। मंगलवार को सांसद सह पूर्व केंद्रीय कृषि मंत्री राधा मोहन सिंह ने गायत्री मंदिर के जीर्णोद्धार कार्य का शुभारंभ किया।
इस अवसर पर सांसद ने कहा कि मंदिर केवल ईंट-पत्थर की इमारत नहीं, बल्कि हमारी आस्था, संस्कृति, परंपरा और सामाजिक चेतना के केंद्र हैं। समय के साथ कई मंदिर जर्जर हो गए हैं, उनका जीर्णोद्धार हमारी सांस्कृतिक विरासत और स्मृतियों को आने वाली पीढ़ियों तक पहुंचाने का प्रयास है।

उन्होंने कहा कि सेवा संकल्प अभियान के तहत स्वास्थ्य सेवा, जरूरतमंदों की सहायता, पर्यावरण संरक्षण, शिक्षा और जनजागरूकता जैसे कई सामाजिक कार्य किए जा रहे हैं। मंदिरों को स्वच्छ, सुरक्षित और व्यवस्थित बनाकर उनके ऐतिहासिक स्वरूप को संरक्षित करना अभियान का उद्देश्य है। उन्होंने लोगों से अपनी विरासत की रक्षा करने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में बिहार मछुआरा आयोग के अध्यक्ष ललन सहनी, उप महापौर डॉ. लालबाबू प्रसाद, उपाध्यक्ष मीना मिश्रा, जिला मीडिया प्रभारी गुलरेज शहजाद, आईटी सेल संयोजक ऋषभ झा, महिला मोर्चा अध्यक्ष नीता शर्मा, कला-संस्कृति प्रकोष्ठ संयोजक सुदीप कुमार, उत्तरी मंडल अध्यक्ष राजू श्रीवास्तव, महामंत्री निखिल राज, पार्षद संजू निषाद, युवा मोर्चा महामंत्री चंदन सिंह, सन्नी सिंह सहित गायत्री परिवार के सदस्य उपस्थित रहे।












