Advertisement

सबमर्सिबल बोरिंग के बावजूद नल-जल योजना से वंचित नया टोला के लोग, निगम पर लापरवाही का आरोप

-सबमर्सिबल बोरिंग के बावजूद नल-जल योजना से वंचित नया टोला के लोग, निगम पर लापरवाही का आरोप

मुजफ्फरपुर। शहर के वार्ड संख्या-25 स्थित चन्द्रलोक चौक, चूना गली, मंदिर रोड नया टोला के निवासियों ने नगर निगम और संवेदक की उदासीनता पर नाराजगी जताई है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि नगर निगम द्वारा सबमर्सिबल बोरिंग लगाए जाने के बावजूद मोहल्ले के लोगों को अब तक नल-जल योजना का लाभ नहीं मिल सका है।
मोहल्लेवासियों के अनुसार करीब 20 दिन पूर्व स्वर्गीय अशोक कुमार वर्मा के घर के समीप सड़क पर सबमर्सिबल बोरिंग कराई गई थी। बोरिंग के बाद केवल एक बार लगभग एक घंटे तक पानी निकाला गया, लेकिन उसके बाद से सबमर्सिबल पूरी तरह बंद पड़ा है। न तो उससे नियमित जलापूर्ति शुरू की गई है और न ही मोहल्ले में पाइपलाइन बिछाने का कार्य पूरा हुआ है। इसके अलावा घर-घर पाइप कनेक्शन भी नहीं जोड़ा गया है।


स्थानीय निवासी नंदन कुमार, डीके सिंह, बबलू कुमार, मनोज कुमार और राघवेन्द्र कुमार ने बताया कि वार्ड-25 की पार्षद उमा पासवान के निधन के बाद क्षेत्र में जनसमस्याओं के समाधान की रफ्तार धीमी पड़ गई है। उन्होंने कहा कि कई बार फोन करने के बावजूद ठेकेदार सबमर्सिबल चालू कराने में टालमटोल कर रहे हैं।
लोगों ने आशंका जताई कि लंबे समय तक उपयोग नहीं होने से बोरिंग खराब या धंस सकती है, जिससे सरकारी राशि का भी नुकसान होगा। वहीं सड़क के बीचों-बीच बोरिंग लगाए जाने से दोपहिया और चारपहिया वाहनों के आवागमन में भी भारी परेशानी हो रही है।
मोहल्लेवासियों ने नगर निगम प्रशासन से शीघ्र जलापूर्ति शुरू कराने, पाइपलाइन बिछाने और घर-घर कनेक्शन देने की मांग की है, ताकि लोगों को पेयजल संकट से राहत मिल सके।