-संस्कार के बिना शिक्षा का कोई महत्व नहीं : माधवेंद्र
-सैनिक स्कूल भागलपुर में विभाग स्तरीय मीडिया एवं सोशल मीडिया बैठक आयोजित
भागलपुर। सैनिक स्कूल गणपत राय सलारपुरिया सरस्वती विद्या मंदिर, भागलपुर में शनिवार को विभाग स्तरीय प्रचार-प्रसार, संवाददाता एवं सोशल मीडिया बैठक का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ जिला निरीक्षक सतीश कुमार सिंह, प्रवासी कार्यकर्ता गंगा चौधरी, प्रधानाचार्य अमरेश कुमार एवं मीडिया प्रभारी शशि भूषण मिश्रा ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया।
मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित दैनिक जागरण के वरिष्ठ पत्रकार माधवेंद्र ने कहा कि “संस्कार के बिना शिक्षा का कोई महत्व नहीं है।” उन्होंने कहा कि सरस्वती विद्या मंदिर नई पीढ़ी में संस्कार, बड़ों के प्रति सम्मान तथा माता-पिता के प्रति आदर का भाव विकसित करने का सराहनीय कार्य कर रहा है। उन्होंने प्रेस विज्ञप्ति लेखन के दौरान क्या, क्यों, कैसे और कब जैसे महत्वपूर्ण बिंदुओं को शामिल करने पर विशेष बल दिया।

मीडिया प्रभारी शशि भूषण मिश्रा ने कहा कि फेसबुक, इंस्टाग्राम, यूट्यूब, एक्स (ट्विटर), व्हाट्सएप और टेलीग्राम जैसे सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म के माध्यम से विद्यालय की गतिविधियों का प्रभावी प्रचार-प्रसार किया जा सकता है। वहीं पवन कुमार मिश्रा एवं कुमार सोनू ने प्रेस विज्ञप्ति लेखन की तकनीक और उसकी उपयोगिता पर अपने विचार साझा किए।
संस्कार केंद्र प्रमुख गंगा चौधरी ने कहा कि सुदूर क्षेत्रों के अशिक्षित एवं वंचित बच्चों तक शिक्षा पहुंचाना हम सभी का दायित्व है। कार्यक्रम में जमालपुर, कहलगांव, पीरपैंती, बरियारपुर एवं भागलपुर के सरस्वती शिशु एवं विद्या मंदिरों से जुड़े लगभग 20 मीडिया प्रभारी एवं शिक्षक उपस्थित रहे।
बैठक के अंत में जिला निरीक्षक एवं प्रांत मीडिया मार्गदर्शक सतीश कुमार सिंह ने भी प्रेस विज्ञप्ति लेखन और प्रभावी मीडिया प्रबंधन पर अपने विचार व्यक्त किए। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यालयों के मीडिया प्रभारियों को समाचार लेखन, प्रचार-प्रसार और सोशल मीडिया के प्रभावी उपयोग के प्रति प्रशिक्षित करना रहा।












