-श्रावणी मेला ऐप रील प्रतियोगिता के दूसरे-तीसरे सप्ताह के विजेता सम्मानित
-15 हजार से अधिक डाउनलोड
-अब तक 9 कंटेंट क्रिएटर्स को मिला सम्मान
-मेला समाप्ति के बाद घोषित होंगे ओवरऑल विजेता
मुजफ्फरपुर। श्रावणी मेला 2026 के दौरान श्रद्धालुओं को मेला से जुड़ी आवश्यक जानकारी और सुविधाएं डिजिटल माध्यम से उपलब्ध कराने के उद्देश्य से शुरू किए गए श्रावणी मेला ऐप को लोगों का बेहतर प्रतिसाद मिल रहा है। ऐप के अब तक 15 हजार से अधिक डाउनलोड हो चुके हैं। वहीं, ऐप के प्रचार-प्रसार के लिए आयोजित रील प्रतियोगिता को कंटेंट क्रिएटर्स और सोशल मीडिया इंफ्लुएंसर्स का व्यापक समर्थन मिल रहा है।
इसी क्रम में शुक्रवार को आईसीसीसी भवन स्थित मुजफ्फरपुर स्मार्ट सिटी कार्यालय में रील प्रतियोगिता के दूसरे एवं तीसरे सप्ताह के टॉप-3 विजेताओं को सम्मानित किया गया। उप नगर आयुक्त अमित कुमार ने विजेता कंटेंट क्रिएटर्स को प्रशस्ति-पत्र प्रदान कर उनका उत्साहवर्धन किया। सम्मानित होने वालों में अमित कुमार, रेखा कुमारी, साहिल राज, ज्ञान कुमार, शिवम चंद्रवंशी और गौतम कुमार शामिल रहे।
मौके पर मुजफ्फरपुर स्मार्ट सिटी लिमिटेड के कंपनी सचिव राजीव रंजन और पब्लिक एंगेजमेंट ऑफिसर कौशल कुमार सिन्हा मौजूद रहे।
प्रतियोगिता में सोशल मीडिया पर रील के व्यूज, लाइक्स, शेयर और ओवरऑल एंगेजमेंट के आधार पर प्रत्येक सप्ताह तीन उत्कृष्ट कंटेंट क्रिएटर्स का चयन किया जा रहा है। दूसरे और तीसरे सप्ताह के छह विजेताओं को सम्मानित किए जाने के साथ अब तक कुल 9 कंटेंट क्रिएटर्स को वीकली विनर के रूप में सम्मानित किया जा चुका है।

उप नगर आयुक्त अमित कुमार ने कंटेंट क्रिएटर्स के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि सोशल मीडिया आज जनजागरूकता का प्रभावी माध्यम बन चुका है। स्थानीय युवाओं और कंटेंट क्रिएटर्स की सक्रिय भागीदारी से श्रावणी मेला ऐप की जानकारी बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं तक पहुंच रही है।
श्रावणी मेला ऐप के माध्यम से श्रद्धालुओं को मेला मार्ग, पार्किंग, चिकित्सा सहायता, आपातकालीन सेवाएं, महत्वपूर्ण संपर्क सहित अन्य आवश्यक सुविधाओं की जानकारी एक ही स्थान पर उपलब्ध कराई जा रही है।
रील प्रतियोगिता पूरे सावन माह तक जारी रहेगी। श्रावणी मेला समाप्त होने के बाद प्रतियोगिता के ओवरऑल विजेताओं की घोषणा की जाएगी। प्रथम, द्वितीय और तृतीय विजेता को क्रमशः ₹5,000, ₹3,000 और ₹2,000 की नकद पुरस्कार राशि के साथ प्रशस्ति-पत्र प्रदान किया जाएगा।
मुजफ्फरपुर स्मार्ट सिटी लिमिटेड ने नागरिकों और कंटेंट क्रिएटर्स से प्रतियोगिता में अधिक से अधिक भाग लेने तथा श्रावणी मेला ऐप का व्यापक प्रचार-प्रसार करने की अपील की है।












