Advertisement

शहर के बीचों-बीच कबाड़ में लगी आग, हाईवे किनारे धुएं से बढ़ा प्रदूषण

-शहर के बीचों-बीच कबाड़ में लगी आग, हाईवे किनारे धुएं से बढ़ा प्रदूषण

मुजफ्फरपुर। शहर के व्यस्त इलाके में मुख्य हाईवे किनारे कबाड़ में आग लगाए जाने से आसपास के क्षेत्र में प्रदूषण का गंभीर संकट उत्पन्न हो गया है। जानकारी के अनुसार संजय सिनेमा हॉल के बगल में स्थित एक फोर व्हीलर एजेंसी के पास कबाड़ के ढेर में आग लगा दी गई, जिससे घना धुआं निकलने लगा और पूरे इलाके में प्रदूषण फैल गया।

स्थानीय लोगों का कहना है कि शहर के बीचों-बीच इस तरह खुले में कबाड़ जलाने से वातावरण दूषित हो रहा है। धुएं के कारण राहगीरों, वाहन चालकों और आसपास के दुकानदारों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। लोगों ने प्रशासन से मामले की जांच कर जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई करने तथा खुले में कचरा और कबाड़ जलाने पर रोक लगाने की मांग की है।

नागरिकों का कहना है कि पहले से ही गर्मी और प्रदूषण की मार झेल रहे शहर में इस तरह की घटनाएं स्वास्थ्य के लिए गंभीर खतरा बन सकती हैं। स्थानीय प्रशासन से तत्काल हस्तक्षेप कर आग बुझाने और प्रदूषण फैलाने वालों पर सख्त कार्रवाई की अपेक्षा की जा रही है।