Advertisement

राजापाकर सीएचसी में गर्भवती महिलाओं के लिए स्वास्थ्य जांच शिविर आयोजित, 39 माताओं की हुई जांच

-राजापाकर सीएचसी में गर्भवती महिलाओं के लिए स्वास्थ्य जांच शिविर आयोजित, 39 माताओं की हुई जांच

राजापाकर-संजय श्रीवास्तव। राजापाकर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र परिसर में प्रधानमंत्री जननी सुरक्षा योजना के तहत गर्भवती महिलाओं के स्वास्थ्य जांच को लेकर विशेष शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में गर्भवती माताओं की स्वास्थ्य जांच कर उन्हें सुरक्षित मातृत्व और पोषण संबंधी महत्वपूर्ण जानकारी दी गई।

प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. एसपी उपाध्याय ने बताया कि शिविर में कुल 39 गर्भवती महिलाओं के स्वास्थ्य की जांच की गई। जांच के दौरान महिलाओं का बीपी, शुगर, एचआईवी, वजन सहित अन्य आवश्यक स्वास्थ्य परीक्षण किए गए। साथ ही उन्हें कैल्शियम, आयरन और विटामिन बी कॉम्प्लेक्स की दवाइयां भी उपलब्ध कराई गईं।

चिकित्सकों ने गर्भवती महिलाओं को इस दौरान खान-पान का विशेष ध्यान रखने की सलाह दी। उन्हें नियमित रूप से हरी सब्जियां, फल, दूध, अंडा और पौष्टिक आहार लेने के लिए प्रेरित किया गया ताकि मां और गर्भस्थ शिशु दोनों स्वस्थ रह सकें।

स्वास्थ्य विशेषज्ञों ने गर्भवती महिलाओं को सरकारी स्वास्थ्य केंद्रों में ही प्रसव कराने की सलाह दी। चिकित्सकों ने बताया कि सरकारी अस्पतालों में प्रशिक्षित डॉक्टर और नर्सों की देखरेख में सुरक्षित प्रसव कराया जाता है, जिससे जच्चा और बच्चा दोनों सुरक्षित रहते हैं। निजी अस्पतालों में अनावश्यक आर्थिक बोझ और कई बार अप्रशिक्षित कर्मियों द्वारा प्रसव कराए जाने से जोखिम बढ़ने की आशंका रहती है।

शिविर में आशा कार्यकर्ताओं द्वारा प्रखंड क्षेत्र के विभिन्न पंचायतों और वार्डों से गर्भवती महिलाओं को नियमित जांच के लिए स्वास्थ्य केंद्र लाया गया। महिलाओं को हर महीने आयोजित होने वाले तीन स्वास्थ्य शिविरों में नियमित रूप से जांच कराने की भी सलाह दी गई।

शिविर में डॉ. राजदीप, डॉ. पूजा, एएनएम काजल कुमारी, गुंजन कुमारी, पूजा कुमारी, पल्लवी कुमारी और शांति कुमारी ने महिलाओं के स्वास्थ्य की जांच कर आवश्यक चिकित्सीय परामर्श दिया।