-राजापाकर में हर घर तिरंगा अभियान के तहत निकली प्रभात फेरी, साइकिल पर तिरंगा लेकर बच्चों ने लगाए देशभक्ति के नारे
राजापाकर-संजय श्रीवास्तव। राष्ट्रगीत ‘वंदे मातरम’ के 150 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में ‘हर घर तिरंगा’ कार्यक्रम के तहत राजापाकर प्रखंड क्षेत्र के विभिन्न राजकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालयों तथा प्राथमिक एवं मध्य विद्यालयों में देशभक्ति से जुड़े कार्यक्रम आयोजित किए गए। इस दौरान छात्र-छात्राओं ने विभिन्न चौक-चौराहों और गांवों में प्रभात फेरी निकालकर लोगों को राष्ट्रप्रेम का संदेश दिया।
इसी क्रम में पीएम श्री मध्य विद्यालय राजापाकर के छात्र-छात्राओं ने साइकिलों में तिरंगा झंडा लगाकर प्रभात फेरी निकाली। विद्यालय से शुरू हुई तिरंगा यात्रा हाई स्कूल चौक, पोस्ट ऑफिस चौक, शनिचर हाट चौक, कुशवाहा चौक एवं थाना रोड होते हुए वापस विद्यालय परिसर पहुंची। इस दौरान बच्चों ने ‘भारत माता की जय’ और ‘वंदे मातरम’ के जयघोष के साथ राष्ट्रभक्ति गीत गाए, जिससे पूरा क्षेत्र देशभक्ति के माहौल में नजर आया।

विद्यालय के प्रधानाध्यापक प्रभात कुमार चौधरी ने झंडी दिखाकर तिरंगा यात्रा का शुभारंभ किया। उन्होंने बच्चों को ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के महत्व की जानकारी देते हुए कहा कि तिरंगा देश की आन, बान और शान का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय ध्वज के तीनों रंग भारत की सभ्यता, संस्कृति और विविधता को दर्शाते हैं। उन्होंने बच्चों से तिरंगे का हमेशा सम्मान करने और देश के प्रति जिम्मेदार नागरिक बनने का आह्वान किया।
प्रधानाध्यापक ने कहा कि स्वतंत्रता दिवस और गणतंत्र दिवस जैसे राष्ट्रीय पर्वों पर तिरंगा पूरे सम्मान के साथ फहराया जाता है। ‘हर घर तिरंगा’ अभियान का उद्देश्य प्रत्येक नागरिक के मन में राष्ट्रध्वज और देश के प्रति सम्मान एवं गौरव की भावना को और मजबूत करना है।
तिरंगा यात्रा में प्रधानाध्यापक प्रभात कुमार चौधरी के अलावा शिक्षक राजेश कुमार, संतोष कुमार, अभिनंदन कुमार, धर्मेंद्र गुप्ता, नीलम कुमारी, देवानंद दास सहित विद्यालय के कई शिक्षक-शिक्षिकाएं मौजूद रहे।












