-राजापाकर में जनगणना कार्य तेज, 291 प्रगणक और 53 सुपरवाइजर जुटे
राजापाकर (संवाददाता)। प्रखंड क्षेत्र के विभिन्न पंचायतों के वार्डों में इन दिनों जनगणना कार्य तेजी से चल रहा है। प्रगणक घर-घर जाकर लोगों से जानकारी एकत्र कर रहे हैं और पूरे अभियान को समयसीमा के भीतर पूरा करने की कोशिश में जुटे हैं।
प्रखंड विकास पदाधिकारी सूर्य प्रताप सिंह ने बताया कि जनगणना कार्य में कुल 291 प्रगणक और 53 सुपरवाइजर लगाए गए हैं। इस कार्य में प्राथमिक विद्यालय से लेकर प्लस टू विद्यालय तक के शिक्षक-शिक्षिकाओं के साथ-साथ कृषि सलाहकार, आवास सहायक, विकास मित्र और अन्य कर्मी भी शामिल हैं।

जनगणना कोषांग पदाधिकारी नीतीश कुमार, तकनीकी कोषांग प्रभारी पंकज कुमार एवं सुपरवाइजर पप्पू कुमार उर्फ मोहम्मद इफ्तेखार ने जानकारी दी कि प्रगणक घर-घर जाकर परिवार के मुखिया से 1 से 33 बिंदुओं पर जानकारी ले रहे हैं। इसमें मकान की स्थिति (कच्चा या पक्का), वाहन की उपलब्धता (दोपहिया या चारपहिया), रसोई ईंधन (गैस या लकड़ी) सहित अन्य महत्वपूर्ण प्रश्न शामिल हैं। एकत्र की गई सभी सूचनाएं मोबाइल के माध्यम से ऑनलाइन अपलोड की जा रही हैं।
उन्होंने बताया कि जिन घरों में लोग अनुपस्थित मिल रहे हैं, वहां पड़ोसियों के माध्यम से सूचना देकर परिवार के सदस्यों को बुलाया जा रहा है, ताकि उनका भी जनगणना कार्य समय पर पूरा किया जा सके।
प्रखंड विकास पदाधिकारी ने जनप्रतिनिधियों और समाजसेवियों से अपील की है कि वे बाहर रह रहे लोगों को सूचना देकर घर बुलाने में सहयोग करें, जिससे कोई भी परिवार जनगणना से वंचित न रह जाए।












