-रसुवा में बाढ़ की चपेट में आए जलविद्युत केंद्र के दो इंजीनियर लापता
जनकपुरधाम/मिश्री लाल मधुकर। नेपाल के रसुवा जिले में आई भीषण बाढ़ में धनुषा और महोत्तरी जिले के दो इंजीनियर लापता हो गए हैं। दोनों इंजीनियर रसुवा स्थित एक जलविद्युत केंद्र में कार्यरत थे।
लापता इंजीनियरों में धनुषा जिले के सखुवा महेन्द्रनगर निवासी अजय कुमार सिंह तथा महोत्तरी जिले के पिपरा गांव निवासी 29 वर्षीय विकास यादव शामिल हैं। बताया गया है कि बाढ़ आने के समय जलविद्युत केंद्र में 100 से अधिक इंजीनियर और अन्य कर्मचारी ड्यूटी पर तैनात थे। बाढ़ के तेज बहाव में कई कर्मचारियों के बहने की आशंका जताई जा रही है।

हालांकि, जलविद्युत केंद्र के कर्मचारियों के क्वार्टर ऊंचाई वाले स्थान पर होने के कारण अधिकांश कर्मचारियों के सुरक्षित होने की जानकारी सामने आई है।
विकास यादव के पिता शंभुनाथ यादव ने बताया कि उनके पुत्र का मोबाइल फोन स्विच ऑफ है। वहीं, पुत्रवधू से बातचीत हुई है और परिवार के अन्य सदस्य सुरक्षित बताए गए हैं। लापता दोनों इंजीनियरों की तलाश और उनकी स्थिति को लेकर परिजनों में चिंता बनी हुई है।












