Advertisement

युवा संवाद कार्यक्रम में कर्तव्य निभाने का संदेश, राष्ट्र निर्माण में युवाओं की भूमिका पर जोर

-युवा संवाद कार्यक्रम में कर्तव्य निभाने का संदेश, राष्ट्र निर्माण में युवाओं की भूमिका पर जोर

भागलपुर: गणपत राय सलारपुरिया सरस्वती विद्या मंदिर, सैनिक स्कूल भागलपुर में बुधवार को छात्रों के लिए “युवा संवाद कार्यक्रम” का आयोजन किया गया। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के शताब्दी वर्ष के अवसर पर आयोजित इस कार्यक्रम की शुरुआत टीएनबी कॉलेज के प्रोफेसर राजीव कुमार सिंह, विद्यालय के प्रधानाचार्य अमरेश कुमार एवं सामाजिक कार्यकर्ता सोमनाथ सुमन ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर की।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए प्रो. राजीव कुमार सिंह ने कहा कि “कर्तव्य निर्वहन से ही राष्ट्र का विकास संभव है।” उन्होंने बताया कि राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के शताब्दी वर्ष के उपलक्ष्य में परिवार प्रबोधन, नागरिक कर्तव्य, सामाजिक समरसता और पर्यावरण संरक्षण जैसे विषयों पर युवाओं को जागरूक करने के उद्देश्य से इस संवाद का आयोजन किया गया है।

उन्होंने युवाओं को संबोधित करते हुए कहा कि पढ़ाई के साथ-साथ अच्छा स्वास्थ्य बनाए रखना, कर्तव्यों के प्रति जागरूक रहना और मोबाइल से दूरी बनाना बेहद जरूरी है। वर्तमान समय में भारत युवाओं का देश है, इसलिए राष्ट्र निर्माण में युवाओं की जिम्मेदारी और भी बढ़ जाती है।

कार्यक्रम में स्वदेशी, आत्मनिर्भरता, जल संरक्षण, वस्त्रदान, भाईचारा, महिलाओं का सम्मान और सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण जैसे विषयों पर भी चर्चा की गई। वक्ताओं ने कहा कि व्यक्ति से समाज और समाज से राष्ट्र का निर्माण होता है, इसलिए हर व्यक्ति को अपने कर्तव्यों का ईमानदारी से पालन करना चाहिए।

इस मौके पर विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाएं, छात्र-छात्राएं, मीडिया प्रभारी दीपक कुमार झा, शांतनु आनंद और रोहित कुमार समेत कई लोग उपस्थित रहे।