-मोहर्रम को लेकर पियर-हत्था पुलिस का फ्लैग मार्च, शांति और सौहार्द बनाए रखने की अपील
मुजफ्फरपुर/बंदरा।दीपक। आगामी मोहर्रम पर्व को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न कराने के उद्देश्य से बंदरा प्रखंड के पियर और हत्था थाना क्षेत्रों में पुलिस प्रशासन द्वारा संयुक्त रूप से फ्लैग मार्च निकाला गया। फ्लैग मार्च के माध्यम से लोगों को सुरक्षा का भरोसा दिलाते हुए आपसी भाईचारे के साथ पर्व मनाने की अपील की गई।
फ्लैग मार्च का नेतृत्व पियर थानाध्यक्ष कुंदन कुमार तथा हत्था थानाध्यक्ष लोकेश कुमार चौधरी ने किया। थाना परिसर से शुरू हुआ मार्च विभिन्न गांवों, बाजारों और संवेदनशील इलाकों से होकर गुजरा। इस दौरान पुलिस बल पूरी तरह मुस्तैद नजर आया।

अधिकारियों ने लोगों से अपील करते हुए कहा कि मोहर्रम के दौरान शांति व्यवस्था बनाए रखें और किसी भी प्रकार की अफवाह पर ध्यान न दें। उन्होंने कहा कि सामाजिक सौहार्द बिगाड़ने की कोशिश करने वाले असामाजिक तत्वों पर प्रशासन की कड़ी नजर है और कानून हाथ में लेने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस प्रशासन ने लोगों से यह भी अनुरोध किया कि यदि कहीं कोई संदिग्ध गतिविधि या अफवाह फैलाने का प्रयास दिखाई दे तो इसकी सूचना तुरंत स्थानीय पुलिस को दें। अधिकारियों ने भरोसा दिलाया कि पर्व के दौरान सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं और पुलिस हर स्थिति पर नजर बनाए हुए है।
फ्लैग मार्च के दौरान स्थानीय लोगों ने भी प्रशासन के प्रयासों की सराहना करते हुए मोहर्रम को शांतिपूर्ण और भाईचारे के माहौल में मनाने का संकल्प दोहराया। पुलिस अधिकारियों ने सभी समुदायों से मिल-जुलकर पर्व मनाने और सामाजिक एकता को मजबूत करने का संदेश दिया।













