-मोतिहारी में पुलिस की बड़ी कार्रवाई, होटल से 4 नाबालिग लड़कियां रेस्क्यू, 4 आरोपी गिरफ्तार
मोतिहारी, राजन द्विवेदी।
छतौनी थानाक्षेत्र के बैंक रोड स्थित एक होटल में पुलिस ने छापेमारी कर मानव तस्करी के प्रयास का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने मौके से 4 नाबालिग बालिकाओं को सुरक्षित रेस्क्यू किया है, जबकि होटल संचालक समेत 4 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है।
पुलिस अधीक्षक कार्यालय से मिली जानकारी के अनुसार 09 सितंबर को गुप्त सूचना मिली थी कि विद्या राज होटल में 4 नाबालिग लड़कियों को बहला-फुसलाकर गलत कार्य में धकेलने के इरादे से रखा गया है। सूचना मिलते ही एसडीपीओ सदर-1 के नेतृत्व में पुलिस, AHTU टीम और चाइल्ड हेल्प लाइन की संयुक्त टीम का गठन किया गया। टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए होटल में छापेमारी की और चारों नाबालिगों को मुक्त कराया।

मौके से 7 मोबाइल फोन और होटल का रजिस्टर भी जब्त किया गया है।
गिरफ्तार आरोपियों में राजीव कुमार, बैंक रोड छतौनी (होटल संचालक), शेख इंताफ, सुगौली थाना क्षेत्र के लक्ष्मीपुर मधुमलती निवासी शेख इंताफ, पिपराकोठी थाना क्षेत्र के किशुनपुर निवासी नीरज कुमार एवं रघुनाथपुर थाना क्षेत्र स्थित लक्ष्मीपुर गदरिया निवासी रौशन कुमार शामिल हैं।
इस संबंध में कांड दर्ज कर अग्रिम कार्रवाई की जा रही है। रेस्क्यू की गई बालिकाओं को चाइल्ड हेल्प लाइन के सुपुर्द कर काउंसलिंग की प्रक्रिया शुरू की गई है।
छापेमारी टीम में छतौनी थानाध्यक्ष अमित कुमार सिंह, ऐहथू ( AHTU ) प्रभारी सर्वेन्द्र कुमार, महिला थानाध्यक्ष मोना कुमारी सहित चाइल्ड हेल्प लाइन के कर्मी शामिल थे।












