-मुशहरी में CSP कर्मी से लूट की बड़ी साजिश नाकाम, STF ने दो कुख्यात अपराधियों को दबोचा
मुजफ्फरपुर। जिले के मुशहरी थाना क्षेत्र में बिहार एसटीएफ की विशेष टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए ग्राहक सेवा केंद्र (CSP) कर्मी से लूट की कथित साजिश को नाकाम कर दिया। गुप्त सूचना के आधार पर की गई कार्रवाई में एसटीएफ ने घेराबंदी कर बाइक सवार दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस की इस कार्रवाई के बाद इलाके में सक्रिय अपराधियों के बीच हड़कंप मचा है।
बिहार एसटीएफ के अनुसार, 19 और 20 अगस्त 2026 की दरमियानी रात गुप्त सूचना मिली थी कि कुछ अपराधी मुशहरी थाना क्षेत्र में किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने की तैयारी में हैं। सूचना के आधार पर विशेष टीम ने मुशहरी थाना क्षेत्र के छोटी कोठिया इलाके में छापेमारी और घेराबंदी की। इस दौरान छोटी कोठिया निवासी लखींद्र कुमार और दिनेश कुमार को गिरफ्तार कर लिया गया। दोनों आरोपी बाइक पर सवार होकर कथित तौर पर वारदात को अंजाम देने की फिराक में घूम रहे थे।

तलाशी के दौरान पुलिस ने आरोपियों के पास से एक देसी कट्टा, एक जिंदा कारतूस, एक मोबाइल फोन और एक मोटरसाइकिल बरामद की है। पुलिस के अनुसार, प्रारंभिक सूचना थी कि आरोपी किसी सीएसपी कर्मी को निशाना बनाकर लूट की घटना को अंजाम देने की तैयारी में थे। समय रहते कार्रवाई करते हुए एसटीएफ ने दोनों को गिरफ्तार कर कथित साजिश को विफल कर दिया।
मामले में मुशहरी थाने में कांड संख्या 314/26 के तहत आर्म्स एक्ट की विभिन्न धाराओं में प्राथमिकी दर्ज की गई है। पुलिस आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेजने की कार्रवाई कर रही है। साथ ही दोनों के आपराधिक इतिहास को भी खंगाला जा रहा है। पुलिस को आशंका है कि पूछताछ और आपराधिक रिकॉर्ड की जांच के बाद पूर्व में हुई अन्य आपराधिक घटनाओं के संबंध में भी महत्वपूर्ण जानकारी सामने आ सकती है।












