मुजफ्फरपुर में सोशल मीडिया पर हथियार लहराने का वायरल ट्रेंड, कानून-व्यवस्था पर फिर उठे सवाल
-मुजफ्फरपुर में सोशल मीडिया पर हथियार लहराने का वायरल ट्रेंड, कानून-व्यवस्था पर फिर उठे सवाल
मुजफ्फरपुर।
जिले में सोशल मीडिया पर हथियार लहराने का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। एक बार फिर एक युवक की वायरल तस्वीर ने जिले में सनसनी फैला दी है। वायरल फोटो में एक युवक बाइक पर सवार होकर खुलेआम पिस्टल लहराते हुए नजर आ रहा है। यह तस्वीर सोशल मीडिया के विभिन्न प्लेटफॉर्म पर तेजी से वायरल हो रही है, जिससे आम लोगों में दहशत का माहौल है और कानून-व्यवस्था को लेकर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं। हालांकि, इस वायरल फोटो की आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है।
तस्वीर में युवक बेखौफ अंदाज में हथियार का प्रदर्शन करता दिखाई दे रहा है। उसके हाव-भाव से ऐसा प्रतीत होता है मानो उसे कानून का कोई डर नहीं हो और वह पुलिस को खुली चुनौती दे रहा हो। सूत्रों के अनुसार यह वायरल फोटो मुजफ्फरपुर जिले के बरियारपुर थाना क्षेत्र के हुसेपुर गांव की बताई जा रही है। फोटो सामने आने के बाद इलाके में चर्चाओं का बाजार गर्म हो गया है।

स्थानीय लोगों के बीच यह सवाल उठ रहा है कि आखिर युवाओं में कानून का खौफ क्यों खत्म होता जा रहा है। जानकारों का कहना है कि सोशल मीडिया पर हथियार का प्रदर्शन न सिर्फ कानून-व्यवस्था के लिए गंभीर खतरा है, बल्कि यह अन्य युवाओं को भी अपराध की राह पर धकेलने का काम करता है। पिस्टल, बाइक और सोशल मीडिया का यह खतरनाक मेल समाज के लिए चिंता का विषय बनता जा रहा है।
इधर, जिला प्रशासन और पुलिस लगातार चेतावनी दे रहे हैं कि सोशल मीडिया पर हथियार लहराने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। इसके बावजूद कुछ युवक इन चेतावनियों को नजरअंदाज कर कानून की धज्जियां उड़ाते नजर आ रहे हैं।
मामला सामने आते ही पुलिस हरकत में आ गई है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि वायरल फोटो की जांच की जा रही है। युवक की पहचान और फोटो की सत्यता की पुष्टि होते ही आरोपी के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि हथियार का प्रदर्शन करने वालों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा, ताकि ऐसे मामलों पर प्रभावी रोक लगाई जा सके।