Advertisement

मुजफ्फरपुर में सोमवार को महाजाम: छाता बाजार से गोला रोड तक घंटों फंसे रहे लोग

-मुजफ्फरपुर में सोमवार को महाजाम: छाता बाजार से गोला रोड तक घंटों फंसे रहे लोग

मुजफ्फरपुर। दीपक कुमार तिवारी।

सोमवार को मुजफ्फरपुर शहर में यातायात व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई। छाता बाजार से लेकर गोला रोड, आम गोला, अघोरिया बाजार और कलमबाग चौक तक भारी जाम लग गया। सुबह से शुरू हुआ यह जाम दोपहर तक जारी रहा, जिससे लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।

शहर के कई इलाकों में खुले या टूटे नाले के कारण सड़कें संकरी हो गई हैं। वहीं, दुकानों और मार्केटों के सामने अनियंत्रित पार्किंग ने स्थिति को और भी खराब कर दिया। बाइक और चारपहिया वाहन सड़क के दोनों ओर खड़े रहने से ट्रैफिक का दबाव बढ़ गया।

स्थानीय लोगों का कहना है कि नगर निगम की लापरवाही और ट्रैफिक पुलिस की सुस्ती के कारण जाम की समस्या विकराल रूप लेती जा रही है। कई बार शिकायत के बाद भी सड़क किनारे अवैध पार्किंग और नाला निर्माण कार्य पर कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई है।

लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि जल्द से जल्द सड़कों की मरम्मत करवाई जाए, नालों को दुरुस्त किया जाए और यातायात व्यवस्था में सुधार लाने के लिए प्रभावी कदम उठाए जाएं।