-मुजफ्फरपुर में सांसद बनकर फर्जी कॉल, डीसीएलआर को धमकी—जांच के आदेश
मुजफ्फरपुर। बिहार के मुजफ्फरपुर जिले में एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है, जहां नवादा सांसद के नाम पर फर्जी कॉल कर डीसीएलआर को धमकी दी गई। कॉल करने वाले ने खुद को विवेक ठाकुर बताकर एक राजस्व कर्मी पर हो रही कार्रवाई को तत्काल रोकने का दबाव बनाया।
जानकारी के अनुसार, पश्चिमी मुजफ्फरपुर की डीसीएलआर स्नेहा कुमारी को फोन कर आरोपी ने न सिर्फ कार्रवाई रोकने को कहा, बल्कि ऐसा नहीं करने पर गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी भी दी। इतना ही नहीं, उसने डीसीएलआर के खिलाफ विजिलेंस में शिकायत करने की भी बात कही।

घटना के बाद डीसीएलआर ने पूरे मामले की लिखित शिकायत डीएम को सौंपते हुए कार्रवाई की मांग की है। मामले की गंभीरता को देखते हुए डीएम सुब्रत कुमार सेन ने संबंधित मोबाइल नंबर की जांच के आदेश दिए हैं। जांच पूरी होने के बाद एफआईआर दर्ज करने की बात कही गई है।
बताया जा रहा है कि कॉल करने वाला व्यक्ति राजस्व कर्मचारी सन्नी कुमार के पक्ष में दबाव बना रहा था। उक्त कर्मचारी के खिलाफ प्रपत्र गठित करने के लिए मड़वन अंचलाधिकारी को निर्देश दिया गया था, लेकिन अब तक उस स्तर पर कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई है, जिससे मामला लंबित बना हुआ है।
इस हाईप्रोफाइल प्रकरण के सामने आने के बाद प्रशासनिक महकमे में हलचल मच गई है। फिलहाल पुलिस और प्रशासन पूरे मामले की जांच में जुटे हैं और कॉल करने वाले की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है।













