-मुजफ्फरपुर में बुजुर्ग महिला की गोली मारकर हत्या, गांव में दहशत
मुजफ्फरपुर। जिले के मीनापुर थाना क्षेत्र अंतर्गत पानापुर ओपी के रमतोहमा गांव में रविवार देर रात एक सनसनीखेज हत्या की घटना सामने आई। घर के बाहर झोपड़ी में सो रही 75 वर्षीय बुजुर्ग महिला की अज्ञात अपराधियों ने गोली मारकर हत्या कर दी। घटना के बाद पूरे गांव में दहशत का माहौल है, जबकि परिजनों में कोहराम मचा हुआ है।
मृतका की पहचान रमतोहमा गांव निवासी बलदेव पंडित की पत्नी मछिया देवी (75 वर्ष) के रूप में हुई है। परिजनों के अनुसार मछिया देवी प्रतिदिन की तरह रविवार रात भी घर के बाहर बनी झोपड़ी में सो रही थीं। इसी दौरान देर रात अज्ञात हमलावर वहां पहुंचे और उन पर गोली चला दी। गोली लगते ही उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
गोली चलने की आवाज सुनकर घर के सदस्य बाहर निकले, लेकिन आसपास कोई संदिग्ध नहीं मिला।

जब परिजन झोपड़ी के भीतर पहुंचे तो मछिया देवी खून से लथपथ पड़ी थीं। उनकी मौत हो चुकी थी। घटना की खबर फैलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर जुट गए और इलाके में अफरातफरी का माहौल बन गया।
सूचना मिलने पर पानापुर ओपी पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की। पुलिस ने घटनास्थल से आवश्यक साक्ष्य जुटाए तथा शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए एसकेएमसीएच भेज दिया।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि मृतका के परिजनों एवं स्थानीय लोगों से पूछताछ की जा रही है। हत्या के पीछे की वजह फिलहाल स्पष्ट नहीं हो सकी है। सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच की जा रही है।
पानापुर ओपी अध्यक्ष ने कहा कि अपराधियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। पुलिस को जल्द ही मामले का खुलासा कर आरोपितों तक पहुंचने की उम्मीद है।
इस घटना के बाद ग्रामीणों ने अपराधियों की शीघ्र गिरफ्तारी की मांग की है और क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की अपील की है।











