Advertisement

मुजफ्फरपुर में गन प्वाइंट पर व्यापारी से 3.18 लाख की लूट, दिनदहाड़े वारदात से मचा हड़कंप

-मुजफ्फरपुर में गन प्वाइंट पर व्यापारी से 3.18 लाख की लूट, दिनदहाड़े वारदात से मचा हड़कंप

मुजफ्फरपुर। ब्रह्मपुरा थाना क्षेत्र के चांदनी चौक के पास शुक्रवार को बाइक सवार बदमाशों ने गन प्वाइंट पर बाजार समिति के व्यापारी से 3.18 लाख रुपये लूट लिए। तीन बाइक पर सवार छह अपराधियों ने दिनदहाड़े वारदात को अंजाम दिया और लूट के बाद भगवानपुर की ओर फरार हो गए।
जानकारी के अनुसार, देवरिया थाना क्षेत्र के धरफरी गांव निवासी व्यापारी सूर्यकांत साह अहियापुर बाजार समिति से लौट रहे थे। इसी दौरान चांदनी चौक के पास बदमाशों ने उन्हें घेर लिया। हथियार के बल पर बदमाशों ने व्यापारी से 3.18 लाख रुपये लूट लिए। घटना को अंजाम देने के बाद सभी अपराधी बाइक से भगवानपुर की ओर भाग निकले।


लूट की वारदात के बाद इलाके में अफरातफरी मच गई। मौके पर स्थानीय लोगों और दुकानदारों की भीड़ जुट गई। व्यस्त इलाके में दिनदहाड़े हुई लूट की घटना से स्थानीय व्यापारियों में भारी आक्रोश है। व्यापारियों ने पुलिस की गश्ती और सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए अपराधियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग की है।
घटना की सूचना मिलते ही ब्रह्मपुरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाल रही है। फुटेज के आधार पर बदमाशों की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है। पुलिस घटना से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच कर रही है।
ब्रह्मपुरा थानाध्यक्ष विपिन रंजन ने बताया कि बदमाशों की गिरफ्तारी के लिए नाकेबंदी की गई है। पुलिस की टीमों ने संभावित ठिकानों पर छापेमारी शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि अपराधियों की पहचान कर जल्द उन्हें गिरफ्तार किया जाएगा।