मुजफ्फरपुर के प्रोफेसर को मिला केंद्र सरकार का रिसर्च ग्रांट, जैन दर्शन और फजी लॉजिक पर करेंगे अध्ययन
मुजफ्फरपुर।
मुजफ्फरपुर स्थित डॉ. राम मनोहर लोहिया स्मारक महाविद्यालय के दर्शनशास्त्र विभागाध्यक्ष डॉ. रमेश कुमार विश्वकर्मा को एक महत्वपूर्ण शैक्षणिक उपलब्धि हासिल हुई है। उन्हें शिक्षा मंत्रालय, भारत सरकार के अंतर्गत भारतीय दार्शनिक अनुसन्धान परिषद, नई दिल्ली द्वारा शोध परियोजना के लिए स्वीकृति प्रदान की गई है।
डॉ. रमेश को “जैन भाषा दर्शन और आधुनिक गणितीय सिद्धान्त फजी लॉजिक का तुलनात्मक अध्ययन” विषय पर शोध के लिए दो वर्षों हेतु परियोजना ग्रांट दी गई है। उन्होंने बताया कि वित्तीय वर्ष 2025-26 में बिहार राज्य से दर्शनशास्त्र विषय में यह ग्रांट प्राप्त करने वाले वे एकमात्र शिक्षक हैं।

महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो. मनोज कुमार ने इसे संस्थान के लिए गौरवपूर्ण उपलब्धि बताते हुए डॉ. रमेश को बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि इस शोध से न केवल महाविद्यालय बल्कि पूरे राज्य का नाम रोशन होगा।
इस उपलब्धि पर महाविद्यालय के शिक्षक एवं शिक्षकेत्तर कर्मचारियों में भी खुशी का माहौल है। दर्शनशास्त्र विभाग के प्रो. निखिल रंजन प्रकाश, प्रो. श्यामल किशोर, डॉ. विजय कुमार, प्रो. रजनी रंजन, डॉ. हिमांशु शेखर सिंह, डॉ. पयोली, डॉ. दीपिका, डॉ. पूजा गुप्ता, डॉ. नेहा एवं डॉ. सुरबाला वर्मा समेत अन्य शिक्षकों ने डॉ. रमेश को शुभकामनाएं दी हैं।











