Advertisement

भोजपुर की घटना के बाद वायरल वीडियो का सच:सिपाही आशीष तिवारी पर पहले से चल रहे दो विभागीय मामले : एसपी

-भोजपुर की घटना के बाद वायरल वीडियो का सच:सिपाही आशीष तिवारी पर पहले से चल रहे दो विभागीय मामले : एसपी

मोतिहारी / राजन द्विवेदी।

भोजपुर के शाहपुर थाना क्षेत्र के बिलौटी गांव में भरत भूषण तिवारी की मौत के बाद सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हो रहा है। इसमें खुद को पुलिस सिपाही बताने वाला आशीष तिवारी अपने भाई की मौत का बदला लेने और नौकरी छोड़ने की बात कह रहा है।

पुलिस मुख्यालय ने इस वायरल वीडियो पर स्थिति स्पष्ट की है। मुख्यालय के अनुसार वीडियो में किए गए दावों से हकीकत अलग है। आरक्षी संख्या-647 आशीष तिवारी फिलहाल मोतिहारी पुलिस लाइन में तैनात है और उसके खिलाफ पहले से ही दो विभागीय कार्रवाइयां लंबित हैं।

– दो हैं पुराने मामले, जांच जारी
एसपी स्वर्ण प्रभात के अनुसार सिपाही आशीष कुमार तिवारी पर पहले से दो मामले दर्ज हैं। जिसमें स्पष्टीकरण मांगा गया है और वेतन वृद्धि पर रोक लगाई गई है। साथ ही लाइन डीएसपी से स्पष्टीकरण मांगा गया है।

बताया है कि पहला मामला – वर्ष 2023, हरपुर ओपी का है।
विभागीय कार्यवाही संख्या 21/2023 के मुताबिक 7 जनवरी 2023 की रात ड्यूटी के दौरान आशीष तिवारी ने सहकर्मी पुलिसकर्मियों के साथ गाली-गलौज की। आरोप है कि उसने गार्ड रूम में हथियार तलाशा और नहीं मिलने पर चाकू लेकर पुलिस अधिकारियों व कर्मचारियों के पीछे दौड़ा। इस मामले में उसे छह माह की वेतनवृद्धि रोकने की सजा दी गई थी और कड़ी चेतावनी भी मिली थी।

वहीं दूसरा मामला – वर्ष 2024, पिपरा कोठी थाना का है।
विभागीय कार्यवाही संख्या 58/2024 के अनुसार 17 अगस्त 2024 को ड्यूटी के दौरान आशीष ने सहकर्मियों और गार्ड के साथ अभद्र व्यवहार किया। आरोप है कि उसने 9 एमएम पिस्तौल कॉक कर फायरिंग कर दी। बीच-बचाव करने आए अधिकारियों को भी धमकाने और उन पर फायर करने का आरोप है। दबाव बढ़ने पर उसने खुद को गोली मारने की धमकी भी दी थी।
पुलिस मुख्यालय ने कहा कि दोनों मामलों की विभागीय जांच जारी है। जांच पूरी होने के बाद नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

फिलहाल वायरल वीडियो और भरत भूषण तिवारी की मौत के मामले में पुलिस तथ्यों की जांच कर रही है। प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो को बिना पुष्टि के शेयर न करें।