-भराव कनौजर चौर में चोरों का आतंक, दो ट्रांसफार्मर चोरी; पुलिस कार्रवाई पर उठे सवाल
समस्तीपुर/कल्याणपुर। जिले के चकमेहशी थाना क्षेत्र के भराव कनौजर चौर में एक बार फिर चोरों ने विद्युत उपकरणों को निशाना बनाते हुए दो ट्रांसफार्मर चोरी कर लिए। चोरी की घटना के बाद क्षेत्र में विद्युत आपूर्ति को लेकर लोगों की परेशानी बढ़ गई है। ग्रामीणों में घटना को लेकर आक्रोश है और पुलिस से जल्द कार्रवाई की मांग की जा रही है।
जानकारी के अनुसार, चोरों ने स्टेट ट्यूबवेल के लिए लगाए गए 25 केवीए क्षमता के विद्युत ट्रांसफार्मर तथा मुर्गी फार्म के लिए लगाए गए 63 केवीए क्षमता के ट्रांसफार्मर को चोरी कर लिया। घटना के बाद संबंधित क्षेत्र में बिजली आपूर्ति प्रभावित होने की बात सामने आ रही है।
स्थानीय लोगों के मुताबिक, कुछ महीने पहले भी इसी क्षेत्र में विद्युत तार और पोल चोरी की घटना हुई थी। उस घटना के बाद से कृषि एवं ग्रामीण विद्युत आपूर्ति व्यवस्था प्रभावित रही है। ग्रामीण पुलिस और संबंधित विभाग की कार्रवाई का इंतजार कर रहे थे। इसी बीच चोरों ने दोबारा ट्रांसफार्मर चोरी की घटना को अंजाम देकर सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं।

ग्रामीणों का कहना है कि लगातार विद्युत उपकरणों की चोरी से किसानों और आम लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। लोगों ने पुलिस से मामले की जांच कर चोरों की पहचान और गिरफ्तारी करने तथा चोरी हुए ट्रांसफार्मरों की बरामदगी की मांग की है।
घटनाक्रम की सूचना स्थानीय एवं सम्बंधित अधिकारियों को दी गयी है और कार्यवाई की मांग की गई है।चोरी की घटनाक्रम से लोगों में गहरी नाराजगी है।
लोगों का कहना है कि यह इलाका समस्तीपुर एवं मुजफ्फरपुर जिला का सीमापवर्ती इलाका है,जिससे अक्सर घटनाओं में वृद्धि देखी जा रही है।अंतिम ग्रामीण सीमा क्षेत्र होने की वजहों से कई बार यहां स्थानीय पुलिस की सक्रियता भी नहीं देखी जाती है।












