-बेनीबाद पुलिस ने बाइक चोरी के आरोप में तीन को किया गिरफ्तार, गायघाट से बरामद हुई चोरी की बाइक
मुजफ्फरपुर/गायघाट (दीपक कुमार)। बेनीबाद थाना क्षेत्र के पिरौछा गांव निवासी शिवशंकर साह की बाइक चोरी के मामले में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए तीन आरोपितों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके निशानदेही पर गायघाट थाना क्षेत्र के सतनाम पेट्रोल पंप के समीप से चोरी की बाइक बरामद करने का दावा किया है।
गिरफ्तार आरोपितों की पहचान ऋषि कुमार, पिता मोहन सिंह, अमरजीत कुमार, पिता लालबाबू सिंह और सीताराम कुमार उर्फ दिलखुश कुमार, पिता अजय सिंह, तीनों निवासी पिरौछा, थाना बेनीबाद के रूप में हुई है।

पुलिस के अनुसार, गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए तीनों आरोपितों को गिरफ्तार किया गया। पूछताछ के दौरान पुलिस को बाइक चोरी की घटनाओं से जुड़े कई महत्वपूर्ण सुराग मिलने की बात सामने आई है। इसके आधार पर पुलिस गिरोह में शामिल अन्य लोगों की पहचान और उनकी भूमिका की जांच कर रही है।
बेनीबाद थानाध्यक्ष धीरेंद्र कुमार सिंह ने बताया कि गिरफ्तार तीनों आरोपितों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि आरोपितों की संलिप्तता बाइक चोरी की अन्य घटनाओं में है या नहीं।












