Advertisement

बिस्किट में जहर देकर ढाई साल के बच्चे की हत्या का आरोप, मां हिरासत में

-बिस्किट में जहर देकर ढाई साल के बच्चे की हत्या का आरोप, मां हिरासत में

मुजफ्फरपुर। रामपुर हरि थाना क्षेत्र के टेंगराहां उत्तर टोला में गुरुवार दोपहर करीब ढाई साल के बच्चे की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। बच्चे के दादा ने उसकी मां पर बिस्किट में कथित तौर पर जहर मिलाकर खिलाने का आरोप लगाया है। घटना के बाद पुलिस ने आरोपी मां को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।
घटना की सूचना मिलने के बाद रामपुर हरि थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की। पुलिस बच्चे की मौत के कारणों का पता लगाने में जुटी है। मौत हत्या की वजह से हुई या किसी अन्य कारण से, यह पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पुलिस जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा।


मुजफ्फरपुर में करीब दो साल पहले भी एक मां पर अपनी बेटी की हत्या का मामला सामने आया था। 24 अगस्त 2024 को मिठनपुरा थाना क्षेत्र के रामबाग शास्त्री नगर में एक ट्रॉली बैग से करीब साढ़े तीन साल की बच्ची का शव बरामद हुआ था। बच्ची की पहचान गया के चाकन्द बाजार निवासी मनोज लाल की बेटी मिष्टी कुमारी के रूप में हुई थी।
पुलिस की जांच में बच्ची की मां काजल कुमारी को आरोपी बनाया गया था। घटना के अगले दिन पुलिस ने उसे गिरफ्तार किया था। पूछताछ में काजल ने कथित तौर पर प्रेमी से शादी करने के लिए बच्ची की हत्या करने की बात कही थी। पुलिस के अनुसार, उसने क्राइम पेट्रोल देखकर हत्या की योजना बनाई थी।
फिलहाल टेंगराहां उत्तर टोला में हुई ताजा घटना को लेकर पुलिस आरोपी मां से पूछताछ कर रही है। पुलिस जांच के बाद ही पूरे मामले की सच्चाई सामने आएगी।