-बाबा गरीबनाथ सेवा दल दर्शनीया कफेन धर्मशाला का निःशुल्क कांवड़िया सेवा शिविर शुरू, पहली सोमवारी पर श्रद्धालुओं की सेवा में जुटे सदस्य
मुजफ्फरपुर। श्रावणी मेले की पहली सोमवारी के अवसर पर बाबा गरीबनाथ सेवा दल दर्शनीया कफेन धर्मशाला की ओर से बाबा गरीबनाथ धाम पहुंचे कांवड़ियों की सेवा के लिए निःशुल्क कांवड़िया सेवा शिविर का आयोजन किया गया। यह सेवा शिविर शनिवार की रात्रि से शुरू होकर सोमवार तक लगातार संचालित किया जाएगा।
शिविर में कांवड़ियों के लिए निःशुल्क चाय, शुद्ध पेयजल, शरबत, भोजन तथा ठहरने की समुचित व्यवस्था की गई है।

श्रद्धालुओं की सुविधा और स्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए मेडिकल टीम भी पूरी तरह मुस्तैद है, जो जरूरतमंद कांवड़ियों को प्राथमिक उपचार उपलब्ध करा रही है।
श्रद्धालुओं के मनोरंजन और भक्ति भाव को बढ़ाने के लिए शिविर परिसर में भव्य जागरण का भी आयोजन किया गया है। सेवा दल के सभी सदस्य पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ कांवड़ियों की सेवा में जुटे हुए हैं।
समिति के सदस्यों ने बताया कि पहली सोमवारी को लेकर पहलेजा से जल लेकर आए कांवड़ियों की संख्या लगातार बढ़ रही है। ऐसे में सेवा शिविर के माध्यम से श्रद्धालुओं को हरसंभव सुविधा उपलब्ध कराने का प्रयास किया जा रहा है, ताकि बाबा गरीबनाथ धाम पहुंचने वाले शिवभक्तों की यात्रा सुगम और सुखद बन सके।












